Tuesday, February 24

जिपं की बोर्ड बैठक में 30 करोड़ की कार्ययोजना पर मुहर, नौचंदी मैदान में लगाई जाएगी चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 24 फरवरी (प्र)। जिले के ग्रामीण विकास की दिशा तय करने वाली जिला पंचायत बोर्ड बैठक में इस बार विकास और जनसुविधाओं को केंद्र में रखकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष गौरव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वर्ष 2026-27 की 30 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्ययोजना को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में सबसे अधिक जोर ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने पर रहा। ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) स्थिति को बनाए रखने के लिए प्रत्येक विकास खंड में कूड़ा निस्तारण के लिए वाहन खरीदने का प्रस्ताव पारित किया गया। इससे गांवों में नियमित कचरा उठान और साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक वार्ड के एक प्राथमिक विद्यालय के कायाकल्प का निर्णय लिया गया। इसके जरिए भवन मरम्मत, शौचालय, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए पब्लिक हेल्थ यूनिट और नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।

जिला पंचायत कर्मचारियों की पदोन्नति से संबंधित चयन समिति की कार्यवाही को अनुमोदित किया गया। साथ ही विवादित विकास कार्यों के स्थान पर संशोधित प्रस्तावों को स्वीकृति गई। जिपं अध्यक्ष के अनुरोध पर सदन ने जिला पंचायत सभागार का नाम किसान मसीहा श्रद्धेय चौधरी अजीत सिंह सभागार रखने का प्रस्ताव भी पारित किया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं उठाई, जिनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में पंचायत सदस्यों ने अपने वार्डों की समस्याएं उठाईं और सुझाव भी दिए। जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक ने घसौली गांव में शहीद मेजर शुभम सैनी के नाम का गेट बनाने के साथ ही नौचंदी मैदान में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग उठाई।

किनौनी और चिरचिटा गांव के बीच बने पाइपों के पुल की जगह पक्का पुल बनाए जाने और मेट्रो स्टेशनों का नाम महापुरुषों के नाम पर करने की मांग की। अनिकेत भारद्वाज ने पंचायत सभागार का नाम चौधरी अजित सिंह के नाम पर करने की मांग की और अधिकारियों को रालोद नेताओं और कार्यकर्ताओं के काम गंभीरता के साथ करने को कहा। प्रताप लोइया ने कूड़ा घरों को आबादी के बीच न बनाने की मांग उठाई। अमित फौजी ने गांवों में खराब स्ट्रीट लाइट बदलवाने, रछौती मार्ग बनवाने और स्कूल के मैदानों से घास हटवाकर उन्हें विकसित करने की मांग उठाई।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, पूर्व मंत्री एवं किठौर विधायक शाहिद मंजूर, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, सीडीओ नुपूर गोयल, पंचायत सदस्य सम्राट मलिक, अनिकेत भारद्वाज, पूनम शर्मा, हिमांशु सिद्धार्थ, प्रताप लोइया, अजित बना, ऋषि त्यागी, विकास उपाध्याय, अमित फौजी, अतुल पूनिया, गोपाल शर्मा, नितिन पोसवाल, दुष्यंत तोमर, अरुण मसूरी के अलावा अभिमन्यु कलंजरी आदि मौजूद रहे।

Share.

About Author

Leave A Reply