मेरठ 25 फरवरी (प्र)। सेंट्रल मार्केट के अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के लिए दुकानों पर लगाए जा रहे लाल निशान से खफा व्यापारियों ने मंगलवार को आवास एवं विकास परिषद कार्यालय का घेराव कर दिया। इस बार काली होली मनाने का ऐलान कर दिया। व्यापारियों की परिषद टीम के साथ झड़प भी हुई। व्यापारियों ने बुधवार को कार्यालय पर तालाबंदी का ऐलान किया है।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सेंट्रल मार्केट के व्यापारी ध्वस्त हुए कॉम्पलेक्स संख्या 661/6 के भूखंड पर बैठक कर रहे थे। उस समय वहां आवास विकास परिषद की टीम अधिशासी अभियंता अभिषेक राज के नेतृत्व में दुकानों पर लाल निशान लगा रही थी। तय पैमाइश से ज्यादा दूरी पर निशान लगाए जाने पर व्यापारी भड़क गए और टीम को घेर लिया। भारी विरोध पर परिषद टीम लाल निशान प्रक्रिया बंद कर कार्यालय लौट गई। इसके बाद व्यापारी भी परिषद कार्यालय पहुंच गए और गेट पर धरना शुरू कर दिया। सूचना पर नौचंदी पुलिस भी पहुंची।
मेरठ व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सरदार जीतू नागपाल, महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा और किसान मजदूर संगठन के नेता विजय राघव ने कहा कि जब अवैध निर्माण हो रहे थे तब ये अधिकारी कहां थे। व्यापारियों की आजीविका पर संकट आ रहा है। हम अपने अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे। हम इस बार रंगों की नहीं बल्कि काली होली मनाएंगे। इस बीच व्यापारियों की तरफ से एवीडेंस गुरुकुल फाउंडेशन की तरफ से जारी किया गया कारण बताओ नोटिस भी चस्पा किया गया। नोटिस में पांच बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है। व्यापारियों ने कहा अगर नोटिस का जवाब नहीं दिया गया तो बुधवार को व्यापारी परिषद कार्यालय पर तालाबंदी कर देंगे। राहुल मलिक, अंजेय आदि मौजूद रहे।
सेंट्रल मार्केट में मंगलवार को हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना एवं कीर्तन का आयोजन किया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर जागृति विहार में फिर ध्वस्तीकरण की लटकी तलवार को लेकर परेशान व्यापारियों ने परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर हनुमान जी की पूजा-आराधना की और उनसे न्याय की लड़ाई के लिए शक्ति मांगी।
