Wednesday, March 11

सदर क्षेत्र को व्यवस्थित करने को बनेगी कमेटी, रैपिड-मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग के लिए कैंट बोर्ड करेगा विचार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 11 मार्च (प्र)। छावनी परिषद की स्पेशल बोर्ड बैठक में सदर क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया। इस कमेटी में छावनी परिषद के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व क्षेत्र के व्यापारी शामिल होंगे। बैठक में गांधी बाग के रखरखाव का ठेका तीन वर्ष के लिए 76 लाख रुपये प्रति वर्ष की दर से छोड़ा गया। बोर्ड द्वारा कैंट स्टेशन व सीएबी स्कूल की पार्किंग के ठेके को भी हरी झंडी दे दी गई। टीओडी को लेकर एनसीआरटीसी के साथ बैठक करने का निर्णय लिया गया।

छावनी परिषद के सभागार में अध्यक्ष ब्रि. निखिल देशपांडे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कैंट बोर्ड में कार्यरत 280 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के दोबारा टेंडर कराने का निर्णय लिया। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक दो माह के लिए एक्सटेंशन देने का निर्णय लिया गया। गांधी बाग में रखरखाव का ठेका पिछली बार 62 लाख रुपये में छोड़ा गया था। इस बार यह ठेका 76 लाख रुपये में छोड़ा गया। सीएवी इंटर कालेज में पार्किंग का ठेका पिछली बार ढाई लाख में छोड़ा गया था, जिसे बोर्ड ने 2.56 लाख रुपये में छोड़ने को हरी झंडी दे दी। कैंट स्टेशन पर पार्किंग का ठेका 5.56 लाख रुपये में छोड़ने को बोर्ड ने मंजूरी दे दी। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने सदर क्षेत्र में जाम की समस्या को दूर करने के लिए देहरादून के पलटन बाजार की तर्ज पर दुपहिया वाहनों की एंट्री पर दिन में रोक लगाने की बात कही। वहां की अन्य समस्याएं भी उठाई। उन्होंने कहा कि पार्किंग की सबसे बड़ी समस्या है। इसको हल किया जाए अध्यक्ष ने कहा कि सदर क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए कमेटी बनाई जाए, जिसमें कैंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि व बाजार के व्यापारियों को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया। बाजार से अतिक्रमण हटाया जाए, शौचालय बनवाए जाएं। कैंट विधायक ने कहा एनआरसीटीसी ने स्टेशन तो बना दिए लेकिन पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है। आगे टीओडी लागू हो जाएगी।

विधायक ने पूछा कैंट बोर्ड ने पार्किंग आदि की जानकारी लिए बिना एनओसी क्यों दी? सहायक अभियंता पियूष गौतम ने बताया कि टीओडी केन्द्र सरकार की योजना है। इसका भी बोर्ड है। बोर्ड ने कैंट की जगह ले ली, लेकिन भूमि का उपयोग अपने प्लान के अनुसार किया उनके पास जो भी प्रस्ताव आएगा, वे बोर्ड को भेज देंगे। मनोनीत सदस्य डा. सतीश शर्मा ने कई सड़कों के निर्माण का मामला बैठक में उठाया। उन्होंने कैंट विधायक से अपनी विधायक निधि से सड़कों को बनवाने का आग्रह किया। विधायक अमित अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने कैंट क्षेत्र की कई सड़कों व कई अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज रखे हैं। बूचड़ी रोड का निर्माण भी कराने का प्रस्ताव है। सतीश शर्मा ने कहा कि गांधी बाग के ठेकेदार ने पार्क की मेंटीनेंस नहीं की झूले टूटे रहे लोग परेशान रहे। बैठक में अध्यक्ष किसीईओ जाकिर हुसैन को हर तीन माह में गांधी बाग का निरीक्षण किया जाए और वहां की व्यवस्थाओं और मेंटीनेंस की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

ब्रिगेडियर देशपांडे को दी विदाई
छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर निखिल देशपांडे का प्रोमोशन हो गया है। उनके स्थान पर ब्रिगेडियर एसके सिंह चार्ज संभालेंगे। बिग्रेडियर देशपांडे ने मेरठ छावनी परिषद की आज अपने कार्यकाल की अंतिम विशेष बोर्ड बैठक ली। बैठक में विधायक अमित अग्रवाल, छावनी परिषद के सीईओ जाकिर हुसैन ने अध्यक्ष को बुके देकर विदाई दी। छावनी परिषद के कर्मचारियों की ओर से उन्हें एक स्मृति चिह्न भेंट किया गया। इस मौके पर अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मेरठ छावनी परिषद के विकास के लिए कार्य किए। इसमें उन्हें छावनी परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों का भी भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने सभी कर्मचारियों से निष्ठा, लगन और ईमानदारी से कार्य करने की सलाह दी।

Share.

About Author

Leave A Reply