मेरठ 11 मार्च (प्र)। नमो भारत या मेरठ मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। नमो भारत और मेरठ मेट्रो स्टेशनों पर टिकट काउंटर अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से सात मिनट पहले बंद हो जाएंगे यानी आपको अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से सात मिनट पहले ही टिकट लेना होगा। मोबाइल एप्लिकेशन माध्यम से रात 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी टिकट बुक करने से पहले स्टेशन कर्मचारियों से ट्रेन की उपलब्धता की जानकारी करनी होगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने मोदीपुरम रैपिड स्टेशन पर एम्स के डाक्टर द्वारा टिकट न मिलने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद यह बयान दिया है।
उनका कहना है कि वीडियो में दिल्ली एम्स के न्यूरो सर्जन मोदीपुरम रैपिड स्टेशन पर सराय काले खां जाने के लिए रात में 9:55 बजे टिकट लेने पहुंचते हैं। वहां मौजूद कर्मचारी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। वह इसको लेकर स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगा रहे है, जबकि हकीकत यह है कि मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार, नमो भारत और मेरठ मेट्रो स्टेशनों पर टिकट काउंटर अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से सात मिनट पहले यानी रात में 9:54 बजे बंद कर दिया। इस तरह स्टाफ ने नियम का पालन करते हुए काउंटर बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से रात 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच टिकट बुक करने वाले यात्रियों को एक संदेश प्रदर्शित किया जाता है जिसमें उनसे अनुरोध किया जाता है कि टिकट बुक करने से पहले स्टेशन कर्मचारियों से ट्रेन की उपलब्धता की जांच कर लें।
मेट्रो के बेगमपुल स्टेशन का एस्केलेटर खराब, यात्री परेशान
मेट्रो का संचालन शुरू हुए लगभग एक पखवाड़ा हुआ है, अभी से इनके स्टेशनों पर अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं। मंगलवार को बेगमपुल के नमो भारत व मेरठ मेट्रो के स्टेशन पर एस्केलेटर खराब हो गया। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिससे हड़कंप मच गया।
एनआरसीटी के अधिकारियों का कहना है कि एस्केलेटर खराब नहीं हुआ था। वह केवल रुक गया था। वह तुरंत चालू हो गया। गत 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो को संचालन के लिए हरी झंडी दिखाई थी। इसके साथ ही करीब 22 किलोमीटर के कॉरिडोर पर नमी भारत व मेरठ मेट्रो का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है। मात्र एक पखवाड़े में ही अव्यवस्था भी सामने आने लगी हैं। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसे बेगमपुल स्टेशन का बताया जा रहा है। वीडियो में एस्केलेटर बंद नजर आ रही है और उस पर लोग चढ़ते उतरते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो खूब वायरल हुआ। हालांकि एनआरसीटीसी के अधिकारियों का दावा है कि एस्केलेटर खराब नहीं हुआ। एक मिनट के रुक गया था, उसे तुरंत चालू कर दिया गया। किसी भी यात्री को असुविधा नहीं हुई।
