Thursday, April 30

गर्मी से जंग को तैयार हुए स्कूल, प्रार्थना सभा कक्षाओं में

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 30 अप्रैल (प्र)। भीषण गर्मी, बढ़ते तापमान को देखते हुए मेरठ के स्कूलों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। शहर के अधिकांश स्कूलों में धूप में होने वाली गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। प्रार्थना सभाएं अब कक्षाओं में कराई जा रही हैं, जबकि बच्चों के लिए पानी पीने का समय भी बढ़ाया गया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों की सेहत सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
जीटीबी स्कूल के प्रधानाचार्य गोपाल दीक्षित ने कहा कि विशेषकर छोटे बच्चों को ध्यान में रखते हुए धूप में होने वाली गतिविधियां बंद कर दी गई हैं। सुबह की प्रार्थना अब क्लासरूम में कराई जा रही है। साथ ही बच्चों को बार-बार पानी पीने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सहोदय के अध्यक्ष राहुल केसरवानी ने कहा कि शहर के अधिकांश स्कूलों में यही व्यवस्था लागू की गई है। धूप में खेलकूद, पीटी और अन्य बाहरी गतिविधियों पर रोक है। जिन स्कूलों में टाई पहनना अनिवार्य था, सभी गतिविधियां इनडोर हो रही हैं। इसी क्रम में दीवान पब्लिक स्कूल, मेरठ ने भी गर्मी और प्रदूषण को देखते हुए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विद्यालय प्रशासन ने सभी बाहरी गतिविधियां अस्थायी रूप से स्थगित कर दी हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य वी.के. मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक पीरियड में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को पानी पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा और एक मिनट का विशेष वॉटर ब्रेक भी दिया जाएगा, ताकि बच्चे नियमित रूप से पानी पीते रहें। कक्षाओं को हवादार और आरामदायक बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। बच्चा अस्वस्थ्य हो तो नही भेजे स्कूल, कराएं आराम व उपचार अभिभावकों से अपील की गई है कि बच्चों को पर्याप्त पानी, तरल पदार्थ और पौष्टिक आहार देकर भेजें।

Share.

About Author

Leave A Reply