मेरठ 27 दिसंबर। बढ़े प्रतिकर की मांग को लेकर किसानों ने मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) दफ्तर घेर लिया है। नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों में तमाम महिलाएं भी शामिल हैं। मांग पूरी न होने पर किसानों ने लखनऊ कूच की चेतावनी भी दी है। सुबह के समय ट्रेक्टर ट्रालियों से गंगानगर, वेदव्यासपुरी और लोहियानगर के किसान और महिलाएं पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
किसानों ने बढ़ा हुआ प्रतिकर देने की मांग करते हुए एमडीए दफ्तर पर धरना शुरू कर दिया। धरनास्थल पर भाजपा के झंडे भी नजर आ रहे हैं। किसान एमडीए अफसरों पर वादा खिलाफी का आरोप लगा रहे हैं। डेरा डालो, घेरा डालो के रूप में किसानों ने एमडीए में खाना भी बनाना शुरू कर दिया है।
प्रदर्शन में शामिल गंगानगर की महिला सभासद सविता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने को लखनऊ कूच का भी ऐलान कर दिया है। किसानों का कहना है कि अफसर दिखावे के लिए खुद को किसान का बेटा बताते हैं। किसानों का शोषण करते हैं। शासन का आदेश भी किसानों के पक्ष में है।
इसके बाद भी बढ़ा हुआ प्रतिकर नहीं दिया जा रहा। अब आरपार की लड़ाई होगी। इस दौरान संयुक्त किसान संर्घा समिति के जिला अयक्ष तेजपाल सिंह व महामंत्री हरविंद्र सिंह सहित तमाम सदस्य मौजूद रहे।