मेरठ 22 नवंबर। निकाय चुनाव की वोटिंग के दौरान मेरठ नगर निगम के समर गार्डन वार्ड-81 बूथ पर बवाल हो गया। वोटर लिस्ट से नाम कटने को लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को दौड़ा लिया। कुछ लोगों को हिरासत में भी ले लिया। लाठीचार्ज के विरोध में लोगों ने मतदान के बहिष्कार कर ऐलान किया है। समर गार्डन वार्ड-81 के लोगों का कहना था कि वे जब बूथ पर वोट डालने के लिए पहुंचे तो लिस्ट में उनका नाम नहीं था। पूरे के पूरे परिवार के नाम लिस्ट से गायब थे। तमाम लोगों की वोट काट दी गई। इसके विरोध में उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा पहुंच गए। योगेश ने सरकार पर लिस्ट बदलने का आरोप लगाया। कहा कि पन्द्रह दिन के भीतर तीसरी बार लिस्ट बदली गई है। वार्ड के अधिकांश निवासियों के नाम इस लिस्ट में नहीं हैं। वोट कटने के विरोध में लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया।हंगामे की सूचना पर एडीएम सिटी मुकेश चंद्र और एसपी सिटी मान सिंह चैहान आरएएफ व पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। भीड़ नहीं मानी तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है। हंगामा और चुनाव बहिष्कार की वजह से दोपहर 12 बजे तक मात्र दस फीसदी मतदान हो सका था।
उधर, जागृति विहार सैक्टर-3 के बूथ नंबर 45 पर भी लोगों ने वोटर लिस्ट से नाम कटने को लेकर हंगामा कर दिया। लोग मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगा रहे थे। सूचना पर सैक्टर मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच गए। देर तक हंगामा जारी रहा।
वोटर लिस्ट से नाम कटने पर बवाल, पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ पर किया लाठीचार्ज
loading...