मेरठ 14 मई (प्र)। सदर बाजार के आबूलेन स्थित बाटा के शोरूम में बीते गुरुवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। तीसरी मंजिल से शोरूम में घुसे चोर गल्ले से नकदी के अलावा काफी सामान समेटकर ले गये। शोरूम के मैनेजर की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। कंपनी के ऑडिट के बाद नुकसान का आंकलन होगा।
आबूलेन फव्वारा चौक पर बाटा कंपनी का शोरूम है। शोरूम की जिम्मेदारी मैनेजर मकबरा निवासी मोहम्मद आकिब पर है। गत सुबह शोरूम खुला तो अंदर का नजारा देखकर स्टाफ दंग रह गया। गल्ला गायब था। आसपास काफी सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने मैनेजर को सूचना दी। कुछ ही देर में वह भी आ गये। सदर बाजार इंस्पेक्टर देव सिंह रावत भी पहुंच गये। तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो देखा ममटी का दरवाजा उखड़ा हुआ था। कुछ दीवार का हिस्सा भी टूटा था, जहां से चोर अंदर घुसे थे। वहीं थोड़ी दूरी पर खाली गल्ला भी बरामद हो गया।
मैनेजर मोहम्मद आकिब ने बताया कि रात भी ठीक समय पर शोरूम बंद कर स्टाफ घर चला गया। सुबह घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि शोरूम बंद होने से पहले एमसीवी गिरा दी जाती है, जिस कारण कैमरे भी बंद हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि गुड़गांव से टीम आज मेरठ आकर ऑडिट करेगी। तब ही असल नुकसान का पता चलेगा। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है।