तापमान में भी गिरावट, अगले दो दिन बारिश के आसार
मेरठ, 25 जनवरी (प्र)। पहाड़ी क्षेत्रों में बने मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के चलते वेस्ट यूपी में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और तेज हवा के साथ मौसम बदल गया। जिस कारण से दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। 24 घंटे पहले 25 डिग्री के पास पहुंचा तापमान मंगलवार को फिर से 20 डिग्री से नीचे आ गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले दो दिन बारिश के आसार हैं। पिछले चार दिन से लगातार दिन का तापमान बढ़ता जा रहा था। बढ़ता हुआ तापमान 24.1 डिग्री तक पहुंच गया। सोमवार को दिन में मौसम काफी गर्म दिखाई दिया। पहाड़ों पर बने पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में मंगलवार को सुबह से ही बदलाव दिखाई दिया। हवा की गति धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। दिन में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के बीच दिन में मौसम सर्द होता चला गया। दोपहर बाद आसमान पर हल्के बादल भी छाए और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
मौसम कार्यालय में दिन का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि 3.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अगले 24 घंटे में रामपुर बरेली, पीलीभीत, फर्रुखाबाद, गाजियाबाद, संभल, बदायूं आदि में गरज के साथ ओले पड़ सकते हैं और मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, शामली में हल्की बारिश के आसार है।