मेरठ, 8 अप्रैल (प्र)। ए-ब्लाक निवासी विश्व प्रसिद्ध जादूगर कुलभूषण किशोर सिंह खन्ना का 73 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। वह पिछले एक वर्ष से बीमार चल रहे थे। गत सुबह साढ़े आठ बजे उन्होंने अपने निवास पर स्वजन के बीच अंतिम सांस ली। गत दिवस ही सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुलभूषण के इकलौते पुत्र मिलन खन्ना ने बताया कि 1973 में उनके पिता ने अमेरिका के व्हाइट हाउस में मैजिक शो दिखाया था। जिसे अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति ने प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किया था। मेरठ में कुलभूषण ने अपने जादू से एक अलग ही छाप छोड़ी थी। 1985 में नौचंदी मेले के दौरान कुलभूषण ने अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर पूरे शहर में बाइक चलाकर सभी को हैरत में डाल दिया था। इसके अलावा करतब में उनके कई ऐसे किस्से हैं, जिन्हें लोग आज भी याद करते हैं। शहर के प्रसिद्ध जादूगरों ने उनके निधन पर शोक जताया है। उनके पुत्र मिलन खन्ना रिलायंस जियो में हरियाणा के सेल्स हेड हैं।
विश्व प्रसिद्ध जादूगर कुलभूषण खन्ना का निधन
loading...