Wednesday, October 16

मार्च तक बेगमपुल से दिल्ली तक नमो भारत में कर सकेंगे सफर

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 07 अक्टूबर (प्र)। नमो भारत रैपिड ट्रेन मेरठ साउथ के बाद नए साल तक शताब्दीनगर और फिर उसके तीन महीने में ही बेगमपुल तक पहुंच जाएगी। इसी साल 18 अगस्त से साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक नमो भारत का संचालन हो चुका है। नमो भारत का अगला स्टेशन अब शहर में शताब्दीनगर (संजय वन) होगा, जबकि इसके बाद बेगमपुल तक मार्च में इसके संचालन की तैयारी है। शहर के बीच मेट्रो ट्रेन चलाने की भी तैयारी हो रही है। इसके लिए मेरठ साउथ और शताब्दीनगर के बीच स्थित परतापुर और रिठानी स्टेशन पर भी काम अंतिम चरण में है।

एनसीआरटीसी ने साहिबाबाद उत्तर प्रदेश और न्यू अशोक नगर दिल्ली स्टेशन के बीच शनिवार को नमो भारत ट्रेन का ट्रायल रन शुरू कर दिया गया। इससे पहले अभी तक दिल्ली में नमो भारत का प्रवेश नहीं हुआ था। इससे पहले साहिबाबाद और मेरठ साउथ तक ट्रेन का संचालन हो रहा था। संभावना है कि अक्तूबर के आखिर या नवंबर की शुरुआत में दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक नमो भारत में सफर कर सकेंगे। साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक सेक्शन की लंबाई लगभग 12 किमी है। इस सेक्शन में आनंद विहार और न्यू अशोक नगर दो आरआरटीएस स्टेशन हैं। इस सेक्शन के संचालित होने पर यात्रियों के लिए नमो भारत ट्रेन न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक उपलब्ध हो जाएगी। यात्री 40 मिनट से भी कम समय में न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक आ सकेंगे।

एनसीआरटीसी अफसरों के मुताबिक दिल्ली की ओर न्यू अशोक नगर और मेरठ की ओर शताब्दीनगर तक रैपिड के काम को रफ्तार दी जा रही है। जून- 2025 तक मोदीपुरम तक नमो भारत को चलाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले दिसंबर में शताब्दीनगर तक ट्रायल और जनवरी में संचालन तथा बेगमपुल में मार्च 2025 तक ट्रेन चलाने की तैयारी है।

अभी नमो भारत ट्रेन सेवाएं साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक 42 किलोमीटर के खंड में संचालित हैं। इस खंड में साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ और मेरठ साउथ कुल नौ स्टेशन शामिल हैं। मेट्रो ट्रेन के संचालन को लेकर भी तेजी से काम चल रहा है।

Share.

About Author

Leave A Reply