मेरठ 08 जनवरी (प्र)। चाइनीज मांझे से मेरठ में युवक की मौत के बाद शासन ने घटना का संज्ञान लिया है। पुलिस-प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एडीजी ने जोन में पुलिस को चाइनीज मांझे की बिक्री वाली जगह चिन्हित कर अभियान चलाने का आदेश दिया है। सभी एसएसपी/एसपी को आदेश दिया है चाइनीज मांझे बेचने वाले और खरीदने वाले दोनों पर मुकदमा दर्ज करें। आगामी त्योहारों तक लगातार अभियान चलाने को कहा है।
मेडिकल थानाक्षेत्र में पीवीएस के पास सोमवार दोपहर चाइनीज मांझे से सुहैल नामक युवक की गर्दन कट गई और उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर डीजीपी कार्यालय और शासन की ओर से संज्ञान लिया गया। सोशल मीडिया पर भी घटना की वीडियो और सूचना वायरल हो गई। सख्त एक्शन का आदेश दिया गया है। एडीजी मेरठ ध्रुवकांत ठाकुर ने पूरे जोन के सभी जिलों में एसएसपी/एसपी को चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाने का आदेश दिया है। एडीजी ने बताया कि पुलिस चाइनीज मांझे की बिक्री वाली जगह और बिक्री करने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करेगी। बिक्री के संबंध में पुलिस को कोई सूचना देता है तो उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस चाइनीज मांझा बेचने वालों के साथ मांझा खरीदने वालों पर भी मुकदमा दर्ज करेगी। एडीजी ने कहा जो लोग चाइनीज मांझा खरीद रहे हैं, उनकी मंशा ठीक नहीं है और उन्हें लोगों की जान की परवाह नहीं है। ऐसे में चाइनीज मांझा खरीदने वालों पर कार्रवाई जरूरी है।
चाइनीज मांझा बेचने वालों के पीछे लगाई सर्विलांस टीम
चाइनीज मांझा बेचने वाले आरोपियों के पीछे मेरठ एसएसपी ने सर्विलांस टीम और एलआईयू को लगाया है। साथ ही चाइनीज मांझे के खिलाफ तीन दिन का अभियान शुरू कराया गया है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को काम पर लगाया गया है। एसएसपी ने साफ कर दिया है कि चाइनीज मांझा बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
चाइनीज मांझे से मेरठ में बाइक सवार युवक सुहैल की सोमवार को मौत हो गई थी। इसके बाद मेरठ में चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। ताबड़तोड़ दबिश के अलावा मांझा बेचने वालों के पीछे सर्विलांस टीम और एलआईयू को लगाया गया है। थाना प्रभारियों को भी साफ कर दिया है कि चाइनीज मांझा नहीं पकड़ा गया तो कार्रवाई होगी। एसएसपी ने इसके लिए तीन दिन का विशेष अभियान शुरू किया है। साथ ही त्योहारों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। एसएसपी के आदेश पर सभी पतंग विक्रेताओं की मीटिंग बुलाई गई है और उन्हें निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साफ कर दिया है कि चाइनीज मांझा बेचा तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। खुफिया विभाग के कर्मियों को भी काम पर लगाया गया है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने को पुलिस अभियान शुरू कर चुकी है। कार्रवाई लगातार जारी है और सोमवार को तीन लोगों की गिरफ्तारी कराकर तीन मुकदमे कराए गए हैं। व्यापारियों की मीटिंग बुलाकर भी साफ कर दिया गया है कि कोई बख्शा नहीं जाएगा। इतना ही नहीं, बाकी टीमों को भी चाइनीज मांझा बेचने वालों के पीछे लगाया गया है।
