छपरा 10 नवंबर। बिहार में सारण जिले के अकिलपुर थाना क्षेत्र में एक मकान की छत गिर जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दबकर मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार की देर रात मानस गांव निवासी बब्लू खान के मकान की छत गिर गयी। इस घटना में घर में सो रहे पांच लोग घायल हो गये। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी पांच लोगों को इलाज के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान बब्लू खान (32), उसकी पत्नी रौशन खातून (30), पुत्री रुकसार (12), चांदनी कुमारी (02) और पुत्र मोहम्मद चांद (10) के रूप में की गयी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और आस-पास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मो. बबलू का मकान इंदिरा आवास योजना के तहत बना था।
पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के प्रयास से मलबा हटाया गया। हालांकि, जब तक सभी को निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि घर की छत गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में गृहस्वामी बबलू खान, उनकी पत्नी रौशन खातुन, पुत्री रूकशार, चांदनी और पुत्र मो चांद शामिल हैं। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना को लेकर मुखिया वकील राय की माने तो, रात में जोरदार आवाज आई। जिसके बाद आस-पास के लोग बबलू के घर की तरफ दौड़ पड़े। लोगों ने देखा कि घर की छत गिर चुकी है। इसे बाद जल्दबाजी में मलबे को हटाया गया और पांचों मृतकों को निकाला गया।
