मेरठ, 05 फरवरी (प्र)। दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित भोला रोड के निवासी पिछले एक साल से बदहाल सड़कों और गंदगी के ढेर के बीच रहने को मजबूर हैं। नगर निगम और संबंधित विभाग की अनदेखी से आक्रोशित होकर गत बुधवार को स्थानीय लोगों ने भोला रोड पर बल्ली लगाकर रास्ता बंद कर दिया और शासन-प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की गुहार लगाई। भोला रोड स्थित वार्ड-38 और वार्ड-15 के अंतर्गत आने वाली त्रिवेणी नगर, सोलजर कॉलोनी, रेखा नगर, नागर कॉलोनी, खड़ौली और नीलकंठपुरम में सैकड़ों परिवार निवास करते हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले एक साल से मुख्य सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सड़क की बजरी निकलकर चारों ओर फैल गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं जिससे आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
अधूरा नाला निर्माण और जलभराव बनी मुसीबत
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासी पिंटू, आदेश, रिंकू, अमित, शिब्बू, सुंदर, राजेश, मोहन और अंकित ने कहा कि सड़क किनारे लंबे समय से नाले का निर्माण कार्य चल रहा है, जो अभी तक अधूरा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क पर पानी भर गया है, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो गया है। गंदगी के ढेर सड़क किनारे लगे हुए हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय पार्षद और विभागीय अधिकारियों से बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। जब लोगों के सब्र का बांध टूट गया तो उन्होंने सड़क पर बल्ली लगाकर लगभग आधे घंटे के लिए आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही टीपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर रास्ता खुलवाया। इस मामले में सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना का कहना है कि सड़क बंद करने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुची थी। लोगों को समझाकर रास्ता सुचारू करा दिया गया है और संबंधित अधिकारियों को जनसमस्या से अवगत कराया जा रहा है।
