मेरठ, 11 मार्च (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। रोहटा थाना क्षेत्र के अमानुल्लाहपुर गांव स्थित खेत में खड़ी ईख की फसल में गत दिवस अचानक आग गई। किसान इंद्रपाल सिंह (74) आग बुझाने के प्रयास में झुलस गया। ग्रामीण और परिजन उन्हें चिकित्सक के पास ले गए, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने किसान के शव का बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया। बीड़ी की चिंगारी से आग की आशंका जताई जा रही है। गांव अमानुल्लाहपुर निवासी इंद्रपाल सिंह (74) गत दिवस अपने खेत पर काम कर रहे थे। इस बीच ईख के खेत में आग लग गई। इंद्रपाल आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन वे खुद आग की लपटों में घिरकर बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें खेत से बाहर निकाला और ईख में लगी आग पर काबू पाया।
परिजन किसान को एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। लेकिन आशंका है कि बीड़ी की चिंगारी से ईख में आग लगी है। किसान के परिजनों ने बिना कार्रवाई गांव में शव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ संजय जायसवाल का कहना है कि इस मामले में थाना पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।
किसान की खेत में आग बुझाने के प्रयास में मौत
Share.
