मेरठ 11 मार्च (प्र)। जेलचुंगी के समीप स्थित आईटीआई मैदान साकेत में विश्व जागृति मिशन के तत्वावधान में गुरुवार से शुरू होने वाली चार दिवसीय सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। आज कलश यात्रा निकलेगी। 501 कलश के साथ महिलाएं शामिल होंगी। आज शाम ही सद्गुरु सुधांशुजी महाराज मेरठ पहुंच जाएंगे। गुरुवार से रविवार तक कार्यक्रम चलेगा।
मंगलवार को हुई बैठक में विश्व जागृति मिशन मेरठ के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल, मुख्य आयोजक मनोज शास्त्री, कलश यात्रा संयोजक दीपक शर्मा, कार्यक्रम स्वागत अध्यक्ष एवं यज्ञमान अश्वनी गुप्ता ने बताया बुधवार सुबह नौ बजे भव्य कलश पदयात्रा निकाली जाएगी। डॉ. रामकुमार गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, सत्यप्रकाश रिशु अग्रवाल, कैंट बोर्ड की पूर्व उपाध्यक्ष वीना वाधवा, मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, रत्न प्रकाश, शुभम कौशिक मौजूद रहे।
मुख्य संयोजक मनोज शास्त्री ने बताया देश में 10 गुरुकुल और 108 संस्कार केंद्रों की स्थापना का लक्ष्य है। चार गुरुकुल संचालित कर दिये। हरियाणा में दो गुरुकुल संचालित करने की तैयारी है। मेरठ में होने जा रहे कार्यक्रम में मेरठ में संस्कार केंद्र, मुरादाबाद और अलीगढ़ में गुरुकुल संचालन की घोषणा सदगुरु सुधांशु जी महाराज द्वारा की जाएगी। गुरुकुल व संस्कार केंद्रों में बच्चों को गुरुकुलीय शिक्षा प्रणाली के तहत शिक्षा-दीक्षा देकर सनातन संस्कृति के लिए तैयार किया जाएगा।
राजनाथ सिंह, केशव प्रसाद मौर्य भी आएंगे
विश्व जागृति मिशन उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान के तत्वावधान में होने वाले कार्यक्रम में प्रख्यात साधु-संतों और प्रखर राजनेताओं का भी संबोधन होगा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ ही विभिन्न मंत्री, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल है। इनके अलावा कार्यक्रम में शंकाराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज, स्वामी चिदानंद, प्रमोद कृष्णम, स्वामी रामदेव, स्वामी अवद्येशानंद गिरी, साक्षी महाराज, स्वामी चिन्यमयानंद महाराज, आचार्य बालकृष्ण, आचार्य मनीष आयुर्वेदाचार्य आदि भी आएंगे।
