मेरठ 14 मार्च (प्र)। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने सत्र-जून सम सेमेस्टर-2026 (शैक्षिक सत्र-2025-2026 में प्रवेश लेने वाले छात्रों को छोड़कर) समर्थ पोर्टल पर आनलाइन परीक्षा फार्म भरने का कार्यक्रम शुक्रवार को घोषित कर दिया है। यह परीक्षा फार्म 17 मार्च से भरे जाएंगे। वहीं, परीक्षाएं आगामी 11 अप्रैल से प्रारंभ होंगी।
कालेज एवं विभाग द्वारा विषय व कोर्स का चयन 14 से लेकर 20 मार्च तक किया जाएगा। छात्र विश्वविद्यालय पोर्टल पर परीक्षा फार्म आनलाइन एवं परीक्षा शुल्क 17 मार्च से भरकर जमा कर सकेंगे। अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है।
विलंब शुल्क दो सौ के साथ परीक्षा फार्म भरने एवं शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि तीन अप्रैल व पांच सौ रुपए विलंब शुल्क के साथ पांच अप्रैल निर्धारित की गई है। कालेज की ओर से विश्वविद्यालय पोर्टल पर आनलाइन सत्यापन (कन्फर्म) कराए जाने की अंतिम तिथि सात अप्रैल रखी गई है।वहीं, कालेज एवं संस्थान द्वारा नोमिनल रोल समेत परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में नौ अप्रैल तक जमा कर सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक ने जारी निर्देश में कहा है कि परीक्षाएं आगामी 11 अप्रैल से आयोजित होंगी। अंतिम तिथि के पश्चात परीक्षा फार्म भरने एवं सत्यापित कराना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा है कि निर्धारित तिथि के अंदर परीक्षा फार्म भराना सुनिश्चित करें।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा है कि सत्र-25-26 में समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेशित छात्र-छात्राओं के द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा फार्म के संबंध मेूं अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। ऐसे छात्र-छात्राएं जिनका विषय चयन कालेज एवं विभाग की ओर से नहीं किया जाएगा। उनका परीक्षा शुल्क भरना संभव नहीं होगा।
