सरधना 11 अप्रैल (प्र)। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद यादव ने शुक्रवार को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। जहां कुलपति समेत पूरी टीम ने उनका स्वागत किया राज्यमंत्री ने प्रगति रिपोर्ट जानने के साथ ही परिसर का दौरा करते हुए प्रगति रिपोर्ट का जायजा लिया। साथ ही टीम के साथ समीक्षा बैठक करके अब तक की स्थिति और कार्य पूरा होने तक के समय के बारे में जाना। टीम ने बताया कि विवि का करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बहुत जल्द कार्य पूरा हो जाएगा। राज्यमंत्री ने 31 मई तक हर हाल में प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि समय पर कार्य पूरा नहीं हुआ तो कार्यदाई कंपनी पर पेनाल्टी लगाने का काम किया जाएगा।
शुक्रवार सुबह खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद यादव निर्माणधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय पहुंचे। जहां सबसे पहले कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने टीम के साथ बुके देकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात राज्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ मीटिंग करके प्रगति रिपोर्ट जानी। यहां से राज्यमंत्री ने पूरे परिसर का भ्रमण किया और निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट जानी। जिसमें देखा कि प्रशासनिक भवन से लेकर अन्य अधिकांश बिल्डिंग लगभग बनकर तैयार हो चुकी हैं। पोकेट दो में स्टेडियम आदि पर तेज से कार्य चल रहा है। मगर कार्य की हालत देखकर लग रहा है कि अभी समय पर प्रोजेक्ट पूरा होने वाला नहीं है। धीमी गति से कार्य चलता देख राज्यमंत्री ने खासी नाराजगी जताई। कहा कि इस तरह से समय पर कभी भी पूरा कार्य नहीं होगा। राज्यमंत्री ने कहा कि कुछ भी करो, लेबर और स्टाफ बढ़ाओ, लेकिन हर हाल में समय पर प्रोजेक्ट पूरा हो जाना चाहिए।
इस दौरान समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बाहुत जल्द बाकी बचा कार्य भी पूरा कर दिया जाएगा। राज्यमंत्री ने कहा कि 31 मई की समय सीमा तक कार्य पूरा हो जाना चाहिए। अन्यथा कार्यदाई कंपनी पर पेनाल्टी लगाने का काम किया जाएगा। मीडिया से बात करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय प्रदेश का प्रथम विवि है। जो यूपी ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों के युवाओं के लिए बड़ा अवसर बनेगा। उम्मीद है कि तय समय सीमा में विवि का कार्य पूरा हो जाएगा। खेल विश्वविद्यालय बनने से यूपी की नहीं पूरे देश के युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। खेल विवि में विश्व स्तरीय खिलाड़ी तैयार होंगे। जो दुनियाभर में देश का नाम रोशन करेंगे।
