मेरठ 11 अप्रैल (प्र)। शहर के अंदर सुगम यातायात के लिए एलिवेटेड रोड बनाने की कवायद तेज हो गई है। सेतु निगम ने बच्चा पार्क चौराहे से जलीकोठी चौराहे तक नाले के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी के माध्यम से शासन को भेज दिया है। बस, इसके लिए स्वीकृति का इंतजार है। इस प्रोजेक्ट से शहरवासियों को घंटाघर से छतरी पीर तिराहा होते हुए खैरनगर चौराहे के बीच घंटों जाम में फंसे रहने से मुक्ति मिल जाएगी। दिल्ली रोड की तरफ से कचहरी कलक्ट्रेट, गढ़ रोड और मेडिकल कालेज आराम पहुंच सकेंगे। 58 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाला यह प्रोजेक्ट नमो भारत कारिडोर के साथ शहर की कनेक्टिविटी को एक नई दिशा देगा।
ऐसा है प्रोजेक्ट
बच्चा पार्क चौराहे से जलीकोठी चौराहे तक नाले के ऊपर यह एलिवेटेड रोड बनाया जाना है। इसकी कुल लंबाई 695 मीटर है। 7.50 मीटर चौड़ा होगा। नाले के दोनों किनारों पर पिलर बनेंगे नीचे नाला बहेगा और ऊपर एलिवेटेड रोड पर ट्रैफिक चलेगा। उन राज्य सेतु निगम के अधिकारियों ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी के साथ सर्वे करके डीपीआर तैयार की है। सर्विस रोड, ड्रेनेज वर्क, आइलैंड, व्यू कटर, यूटिलिटी शिफ्टिंग, बिजली और दूरसंचार की लाइनों की शिफ्टिंग के कार्य भी शामिल हैं। सर्वे में नाले और उसके आसपास लगभग 75 अतिक्रमण पाए गए हैं, जिन्हें निर्माण से पहले हटाया जाएगा।
इसलिए जरूरी है यह प्रोजेक्ट
अभी परतापुर, टीपीनगर, बागपत रोड, जैननगर रोड, रेलवे रोड और दिल्ली रोड पर परतापुर से जलीकोठी तक रहने वालों को बच्चा पार्क और बुढ़ाना गेट पहुंचने के लिए तीन मार्ग हैं। पहला मार्ग घंटाघर, छतरी पीर तिराहा, खैरनगर चौराहा होकर, दूसरा मार्ग जलीकोठी चौराहे से छतरी पीर तिराहा, खैरनगर चौराहे होकर और तीसरा मार्ग शारदा रोड, कबाड़ी बाजार, वैली बाजार, खैरनगर दवा मार्केट होकर तीनों ही मार्गों पर भीषण जाम की स्थिति रहती है। सबसे ज्यादा जाम रेलवे रोड चौराहे पर लगता है। घंटाघर मार्ग पर पीएल शर्मा जिला अस्पताल और महिला जिला अस्पताल भी है। यहां तक एंबुलेंस को पहुंचना मुश्किल होता हैं। तीनों ही मार्ग अतिक्रमण के चलते बेहद संकरे हो गए हैं। दिनभर ई रिक्शा, दोपहिया चार पहिया वाहन रेंगते रहते हैं। जलीकोठी चौराहे से बच्चा चौराहे तक नाले के ऊपर एलिवेटेड रोड बनने से इन मार्गों का ट्रैफिक दबाव शिफ्ट हो जाएगा।
यह होंगे फायदे
एलिवेटेड रोड के निर्माण से शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में सफर का समय आधा रह जाएगा। दिल्ली रोड, बागपत रोड, रोहटा रोड, रेलवे रोड, कैंट क्षेत्र के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा।
सिटी रेलवे स्टेशन और नमो भारत और मेट्रो ट्रेन के भैसाली स्टेशन तक बच्चा पार्क, गढ़ रोड की तरफ के लोगों की पहुंच आसान होगी। बच्चा पार्क चौराहे से चढ़ेंगे, जलीकोठी चौराहे पर उतरेंगे और स्टेशन पहुंचेंगे।
प्रशासनिक केंद्र कचहरी व कलक्ट्रेट जाने वाले अधिवक्ता और आम नागरिक घंटाघर, छतरी पीर, खैरनगर, कबाड़ी बाजार के जाम में नहीं फसेंगे।
जलीकोठी और आसपास के व्यापारिक क्षेत्र बुढ़ाना गेट, घंटाघर, खैरनगर, सराफा बाजार तक माल की आवाजाही आसान होगी, जिससे स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी।
जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज तक एंबुलेंस से मरीज का पहुचना बड़ी चुनौती होती है। एलिवेटेड रोड हापुड़ रोड और गढ़ रोड को जोड़ने वाले मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम करेगा, जिससे मेडिकल पहुंचने की राह सुगम होगी।
सेतु निगम डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर रित्विक श्रीवास्तव का कहना है कि बच्चा पार्क चौराहे से जलीकोठी चौराहे तक एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी के माध्यम से शासन को भेज दिया गया है। मेरठ समग्र विकास योजना के तहत इसका निर्माण प्रस्तावित किया गया है। शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
