Thursday, April 30

स्कूटी पर शराब बेच रहे आरोपी को पुलिस टीम पर हमला कर छुड़ाया

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 30 अप्रैल (प्र)। रेलवे रोड थाना पुलिस ने गत दिवस स्कूटी पर शराब बेच रहे सोनू सोनकर को हिरासत में लिया तो महिलाओं समेत 17 आरोपी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया और दरोगा मोहित कुमार की वर्दी फाड़ दी। आरोपी राजू सोनकर को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले गए।
सूचना पर तीन थानों की पुलिस पहुंची और आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने मौके से आरोपी की स्कूटी, मोबाइल और 17 पव्वे शराब बरामद की और दस नामजद समेत 17 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। उपनिरीक्षक कुंवर आकाश ने रेलवे रोड थाने पर दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि फुटबाल चौक से बागपत जाने वाले रास्ते पर राजू सोनकर स्कूटी की डिक्की में रखकर शराब बेच रहा था। सूचना पर मंगलवार रात लगभग 8रू30 बजे उप निरीक्षक मोहित कुमार, कांस्टेबल बलराज सिंह जीवन रक्षा अस्पताल के सामने पहुंचे। यहां मोहल्ला खटीकान निवासी राजू सोनकर स्कूटी लेकर खड़ा था और डिक्की से शराब का पव्वा निकालकर बेच रहा था। पुलिस टीम ने डिक्की खोलने के लिए कहा तो राजू सोनकर आनाकानी करने लगा। सख्ती करने पर उसने अपने बेटे समर सोनकर से चाबी मंगवाई। दूसरे लड़के एकलव्य उर्फ भूरा ने डिक्की खोली। डिक्की में मिस इंडिया मार्का की 17 अवैध शराब के पव्वे मिले। राजू सोनकर ने पुलिस टीम को बताया कि वह 80 रुपये में खरीदे गए 10-12 पव्वे दस-दस रुपये अतिरिक्त 90 रुपये में बेच चुका है। वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई।
राजू सोनकर को हिरासत में लेने पर उसका बेटा समर सोनकर और एकलव्य उर्फ भूरा, पत्नी सुमन सोनकर के अलावा कृष्णा उर्फ गट्टू, विपिन, राहुल, करण, राजा, संतोष, दो महिला और चार-पांच अज्ञात पुरुष लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने राजू सोनकर को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया और उसे भगा ले गए। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान कर रही है।

Share.

About Author

Leave A Reply