Saturday, July 27

कारखाने में तेज धमाके के साथ फटा सिलेंडर, 10 से ज्यादा लोग झुलसे

Pinterest LinkedIn Tumblr +

कौशांबी 28 अक्टूबर। पिपरी इलाके के मनौरी बाजार में शुक्रवार देर रात मिठाई के कारखाना में गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। धमाके में बगल के गोदाम और आसपास के मकानों की दीवार ढह गई। कई लोगों के मलबे में दबने और आग में झुलसने की खबर फैली तो पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी पहुंचे। धमाके में 4 मकान ध्वस्त हुए है। वहीं हादसे में बच्चे समेत 10 लोगों के घायल होने की खबर है।

दमकल की तीन गाड़ियों के साथ पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में कई लाख के नुकसान की आशंका है। मनौरी बाजार में नई बस्ती में मदन केसरवानी का प्लाईवुड का गोदाम है। बगल में जयप्रकाश सिंह उर्फ भोलू का मकान है। वहीं एक कारखाना में मिठाई बनाने का काम होता है।

शुक्रवार रात भी कारखाना में काम चल रहा था तभी सिलेंडर फट गया। जोरदार विस्फोट हुआ। कारखाना के साथ ही गोदाम की दीवार ढह गई। आसपास के मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। आग भड़की तो कारखाना के साथ प्लाईवुड का गोदाम भी चपेट में आ गया। प्लाईवुड के साथ ही मदन की कार भी जलने लगी। लपटें देख आसपास के लोगों ने सूचना दी तो कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ सीओ चायल योगेंद्र कृष्ण नारायण पहुंच गए। वहां के हालात देख शक जताया गया कि एक से ज्यादा सिलेंडर फटे हैं। कुछ देर में प्रयागराज और कौशांबी से तीन गाड़ियों के साथ दमकल दस्ते पहुंच गए। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

प्लाईवुड कारोबारी मदन का भतीजा 20 वर्षीय सागर समेत 10 लोग गंभीर घायल थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। यह भी आशंका जताई गई कि दीवाली करीब है तो कहीं वहां बेचने के लिए पटाखा तो नहीं रखा गया था। एसपी कौशांबी बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि वहां पटाखा था या नहीं, इसकी जांच हो रही है।

Share.

About Author

Leave A Reply