Saturday, July 27

खुलासाः ट्रांसपोर्टर के बेटे की बड़े भाई ने की हत्या

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 05 दिसंबर (प्र)। सुपरटेक ग्रीन विलेज में हुई ट्रांसपोर्टर के बेटे की हत्या का सोमवार की देर रात पुलिस ने राजफाश कर दिया। बड़े भाई ने ही विक्की को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने हत्यारोपित के कब्जे से तमंचा भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि विक्की छोटी बहन के साथ छेड़छाड़ करता था, जिसकी वजह से दो माह पहले वह ससुराल में आत्महत्या कर चुकी है। पुलिस मान रही है कि संपत्ति का विवाद है। आरोपित इसे दूसरा रूप देने के लिए कहानी बना रहा है।

बिजली बंबा बाइपास स्थित सुपरटेक ग्रीन विलेज कालोनी के फ्लैट में नंबर 502 में रविवार शाम को ट्रांसपोर्टर सुनील शर्मा के बेटे विक्की (26) का शव मिला था। युवक की हत्या की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी पीयूष सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। एसपी सिटी ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल कराई थी। इसके बाद हत्या का राजफाश करने के लिए सर्विलांस टीम व थाना ब्रह्मपुरी पुलिस को लगाया था।

सीओ अमित राय ने बताया कि हत्या के बाद ही परिवार पर शक गहरा गया था। क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में कोई भी घर के अंदर आता दिखाई नहीं दिया। तभी पुलिस ने बड़े भाई रिंकू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद रिंकू टूट गया। उसने विक्की की हत्या करना कबूल कर लिया। बताया कि दो माह पहले विक्की ने बहन के साथ छेड़छाड़ की थी। उसके बाद ससुराल में उसने सुसाइड कर लिया था। तभी से रिंकू ने विक्की की हत्या का प्लान बनाया था। रविवार को पत्नी को मायके भेजकर विक्की की हत्या को अंजाम दे दिया। उसके कब्जे में तमंचा भी बरामद कर लिया।

सीओ का कहना है कि रिंकू हत्या की असली वजह छिपा रहा है। जांच में पता चला कि विक्की व उसके पिता के बीच पांच लाख रुपये को लेकर भी विवाद चल रहा था। पैसे के लेनदेन को लेकर पिता-पुत्र के बीच दिपावली पर भी विवाद हुआ था। संपत्ति की वजह से ही विक्की की हत्या की गई है। उसके नाम जमीन और पास से लाखों रुपये थे।

Share.

About Author

Leave A Reply