Wednesday, February 25

आठ मार्च को गांधी बाग में वसंतोत्सव व पुष्प प्रदर्शनी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 25 फरवरी (प्र)। पर्यावरण संरक्षण, फ्लोरीकल्चर को बढ़ावा देने और नागरिकों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पश्चिम यूपी सब एरिया हार्टिकल्चर आर्गनाइजेशन, मेरठ छावनी परिषद और केंद्रीय सैन्य पशु चिकित्सा प्रयोगशाला (सीएमवीएल) एक बार फिर शहरवासियों के लिए पुष्प प्रदर्शनी लेकर आ रहा है। एक बार फिर स्प्रिंग फेस्टिवल फ्लावर शो 2026′ का आयोजन आठ मार्च को गांधी बाग में किया जाएगा। वर्ष 2018 के बाद लगभग आठ वर्षों के अंतराल के पश्चात यह भव्य वंसतौत्सव व पुष्प प्रदर्शनी आयोजित हो रही है। इससे शहरवासियों और सैन्य परिवारों में विशेष उत्साह है। विशेष बात यह है कि वर्ष प्रदर्शनी प्रतिभागिता पूरी तरह से निश्शुल्क है। साथ ही सेना और सिविल प्रतिभागियों के लिए ओपन प्रतियोगिता रखी गई है।

आयोजन समिति के अनुसार प्रदर्शनी का उद्घाटन आठ मार्च को सुबह 11:30 बजे किया जाएगा। इससे पूर्व सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक विभिन्न वर्गों में प्रस्तुत पौधों, पुष्प सज्जाओं और प्रदर्शनों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक आम जनता के लिए प्रदर्शनी खुली रहेगी। समापन समारोह शाम 3:45 बजे शुरू होगा। इसमें मुख्य अतिथि विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे। समारोह के मुख्य आकर्षणों में आरवीसी सेंटर एंड कालेज की डाग डैमो टीम की ओर से सैन्य श्वान प्रदर्शन और विभिन्न सैन्य बैंडों की सामूहिक प्रस्तुति शामिल रहेगी।

प्रदर्शनी में आठ मार्च तक होंगी एंट्री
आठ मार्च को पुष्प प्रदर्शनी में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों की प्रविष्टियां सरधना रोड स्थित सीएमवीएल में निश्शुल्क स्वीकार की जा रही हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दिन गांधी बाग में कोई नई प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रतिभागियों को आठ मार्च की सुबह सात बजे से अपने पाटेड प्लांट्स और सजावट स्थल पर प्रदर्शित करनी होगी। निर्णायक पौधों के स्वास्थ्य, रंगों की चमक, विविधता, सजावट, उद्यान की देखरेख और रचनात्मक प्रस्तुति के आधार पर अंक देंगे।

सात वर्गों में हैं 63 सेक्शन : आयोजकों ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी में कुल सात वर्गों के तहत 63 अलग-अलग सेक्शन रखे गए हैं। इनमें गार्डन और कंपाउंड प्रतियोगिता, पाटेड प्लांट्स, मौसमी फूल, फ्लोरल डिस्प्ले, कट फ्लावर और हैंगिंग बास्केट जैसी श्रेणियां शामिल हैं। क्लास-1 के तहत गार्डन व कंपाउंड में सैन्य संस्थानों और आवासीय परिसरों के उद्यानों का निरीक्षण 26 फरवरी से शुरू होगा। इस प्रतियोगिता की एंट्री बंद हो चुकी है।

Share.

About Author

Leave A Reply