Saturday, July 27

डकैती और दुष्कर्म की झूठी कहानी गढ़ने वाली महिला गिरफ्तार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

नगीना (बिजनौर), 18 नवंबर। रायपुर सादात में डकैती, सामूहिक दुष्कर्म और सिगरेट से दागने की झूठी कहानी गढ़ने वाली थोक कारोबारी की पत्नी अलका को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर षडयंत्र रचने का आरोप है। उधर, महिला के दोस्त पुष्पेंद्र को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर सादात में थोक कारोबारी की पत्नी अलका ने मंगलवार की रात घर में डकैती और सामूहिक दुष्कर्म होने की झूठी कहानी बनाई थी। गत बृहस्पतिवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए अलका के प्रेमी पुष्पेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया था। अब मुख्य साजिशकर्ता आरोपी अलका को भी शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। सीओ ने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया था। इसमें दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।

सीओ संग्राम सिंह ने कहा कि इस मामले में पूर्व में डकैती, सामूहिक दुष्कर्म और नशा सुंघाने की धाराएं लगाई गई थी। खुलासे के बाद डकैती, सामूहिक दुष्कर्म और नशा सुंघाने की धाराएं हटा दी जाएंगी। फिलहाल महिला अलका और उसके प्रेमी पुष्पेंद्र को षडयंत्र रचने के आरोप में जेल भेजा गया है। दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस विधिक राय ले रही है।

बिजनौर में नगीना देहात थाना क्षेत्र के एक प्रमुख थोक व्यापारी के घर में घुसे पांच बदमाशों ने खूब तांडव मचाया। घर में अकेली व्यापारी की पत्नी को बंधक बनाकर जलती सिगरेट से दागकर यातनाएं दीं और सामूहिक दुष्कर्म किया। बेहोश पीड़िता (35) को कमरे में बंद कर बदमाश 25 तोले सोने के आभूषण, दो किलो चांदी और करीब डेढ़ लाख रुपये नकदी लूट ले गए। वहीं पुलिस ने इस मामले में सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर पूरा नाटक रचा था। आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए एसपी ने पुलिस की तीन टीमों का गठन किया था। वहीं मामले में नगीना देहात थाना प्रभारी विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया था। नगीना देहात के एक गांव निवासी थोक व्यापारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी मां और बच्चों संग मंगलवार की शाम दवाई लेने धामपुर गए थे। घर में उनकी पत्नी अकेली थी। शाम को साढ़े सात बजे हथियारबंद पांच बदमाश पड़ोसी की छत से होकर उसके घर में घुसे। बदमाशों ने उसकी पत्नी को मारपीट के बाद कपड़े से नशा सुंघाकर बेहोश कर दिया।

वहीं, कुछ देर बाद होश आने पर उनको बांध दिया। बदमाशों ने सामने बैठकर सिगरेट पी और जलती सिगरेट से पत्नी के हाथ को दागते हुए यातनाएं दीं। इसके बाद सभी बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
बदमाशों ने घर की अलमारियों के ताले तोड़े। जो ताले नहीं टूटे, उनको कटर से काटकर 25 तोले सोने के आभूषण, दो किलो चांदी और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, एक स्कूटी, और एक एलईडी लूट ले गए। घर में बुधवार की सुबह कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने व्यापारी को सूचना दी।
महिला के हाथ में सिगरेट से जलाए जाने के निशान मिले थे। डकैती और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया। कई बिंदुओं पर जांच की गई। खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। वहीं लापरवाही पर नगीना देहात थाना प्रभारी विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

Share.

About Author

Leave A Reply