Wednesday, October 16

मस्जिद में घुसकर इमाम को मारी गोली, एनकाउंटर के डर से दिल्ली में किया सरेंडर

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 07 अक्टूबर (प्र)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के जैद गार्डन में मस्जिद में घुसकर इमाम को गोली मार दी। वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं मौलाना को गोली मारने वाले बदमाश ने भी एनकाउंटर के डर से दिल्ली में सरेंडर कर दिया।

जैद गार्डन स्थित मस्जिद में इमाम नईम पुत्र नजर मोहम्मद निवासी मुरलीपुरा करीब आठ साल इमामत कर रहे हैं। मस्जिद में वह कुछ बच्चों को अरबी की तालीम भी देते हैं। रविवार की सुबह करीब सात बजे मासूम साकिर बिलाल व उस्मान को दीनी शिक्षा दे रहे थे। बताया जाता है कि उसी दौरान अचानक समीप में रहने वाला सरताज दनदनाता हुआ मस्जिद के भीतर दाखिल हुआ। उसके हाथ में तमंचा था। उसने वहां पहुंचते ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए। इमाम नईम से कहाकि कि आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ूगा। इतना कहते ही उसने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली नईम को जा लगी। गोली लगते ही फर्श पर गिरकर तड़पने लगे। आसपास खून फैल गया। इमाम की हालत देखकर मस्जिद में मौजूद बच्चे बुरी तरह से घबरा कर रोने लगे। रोते हुए वो बाहर की ओर भागे। इस बीच सरताज को बाहर की ओर भागते व बच्चों को बुरी तरह से बिखलते देखकर आसपास के लोग भीतर पहुंचे तो वहां इमाम को फर्श पर तड़पते हुए देखा। कुछ ही देर में इमाम को गोली मारे जाने की खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गयी।

आसपास के लोगों ने मौलाना को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच सूचना पाकर मस्जिद में इमाम को गोली मारे जाने की खबर मिलने पर मौके पर पहुंची भी पहुुंच गयी। लोगों और वहां वारदात के वक्त मौजूद बच्चों से घटना की जानकारी ली। पुलिस को बताया गया कि गोली मारने के बाद सरताज मस्जिद में ही तमंचा फैंककर फरार हो गया।
मस्जिद के आसपास रहने वाले लोगों के मुताबिक 2 महीने पहले सरताज नमाज पढ़ने आया था। उसने टोपी गलत तरह से पहन रखी थी। एक बुजुर्ग ने उसकी टोपी सही कर दी। इस पर सरताज ने उनको घूंसा मार दिया।

बुजुर्ग के चेहरे पर खून निकलने पर लोगों ने सरताज की पिटाई कर दी थी। इसके बाद मौलाना नईम और बुजुर्ग लोग सरताज से इस मस्जिद में नमाज पढ़ने का विरोध कर रहे थे। कई बार मौलाना नईम से इसको लेकर सरताज की कहासुनी भी हुई थी। माना जा रहा है कि इसी रंजिश में सरताज ने रविवार सुबह मौलाना को गोली मार दी। सरताज पूरी तैयारी से आया था। वह 2 तमंचे और छुरी लेकर पहुंचा था।

पुलिस सरताज की तलाश में जुटी थी। इसी बीच वह मेरठ से भागकर दिल्ली पहुंच गया।
दिल्ली पुलिस ने देर रात मेरठ पुलिस को सूचना दी कि मेरठ के लिसाड़ी गेट का रहने वाला सरताज अवैध हथियार के साथ गाजीपुर थाना क्षेत्र में पकड़ा गया है। जिस तरह से सरताज की नाटकीय ढंग से दिल्ली में गिरफ्तारी हुई है, उससे तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। ये गिरफ्तारी है या यूपी पुलिस के एनकाउंटर के डर से दिल्ली में सरेंडर, ये जांच का विषय है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से आरोपी सरताज को मेरठ लाने के लिए बात की जा रही है।

Share.

About Author

Leave A Reply