मेरठ, 24 फरवरी (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जनपद, विशेष रूप से शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराते हुए विस्तृत प्रार्थना पत्र सौंपा। पत्र में शारदा ने अत्यंत भावुक शब्दों में कहा कि मेरठ का व्यापारी वर्ग, विशेषकर शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट का व्यापारी, इस समय स्वयं को अत्यंत असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि 25 सितंबर, 2025 को सर्वाेच्च न्यायालय के आदेश पर 661/6, सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर स्थित 22 दुकानदारों का कांप्लेक्स ध्वस्त कर दिया गया, परंतु आज तक प्रभावित व्यापारियों को किसी प्रकार की ठोस सरकारी सहायता प्राप्त नहीं हुई, जबकि उन्हें सहायता देने का आश्वासन दिया गया था। शारदा ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री से कहा कि प्रभावित व्यापारियों के भविष्य, उनके व्यापार और परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वैकल्पिक दुकानें, कांप्लेक्स में स्थान, आर्थिक सहायता एवं समुचित सुरक्षा प्रदान की जाए। विनीत अग्रवाल शारदा ने पत्र में मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं आधारभूत विकास के लिए कई मांगें भी उठायीं जिसमें मेरठ को हैंडलूम पावरलूम की ऐतिहासिक पहचान को देखते हुए टेक्सटाइल पार्क प्रदान करने, ज्वेलरी निर्माण की बड़ी क्षमता को ध्यान में रखते हुए ज्वेलरी पार्क स्थापित करने, विश्वविख्यात बैंडबाजे एवं कैंची उद्योग के लिए विशेष क्लस्टर विकसित करने जैसी मांग है। शारदा ने प्रधानमंत्री द्वारा मेरठ में नमो भारत ट्रेन और मेट्रो सेवा के शुभारंभ पर हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे मेरठ के व्यापार, उद्योग, एमएसएमई और आम जनमानस को अभूतपूर्व विकास की गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री तक पहुंची व्यापारियों की पीड़ा : विनीत शारदा
Share.
