Saturday, December 27

शादी से एक दिन पहले ही दूल्हा बनकर सिकंदराबाद पहुंचा जिला बदर सलमान

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 23 नवंबर (प्र)। डी- 170 गैंग के सरगना सलमान शादी से एक दिन पहले ही दूल्हा बनकर सिकंदराबाद पहुंच गया। वहां से वीडियो काल कर पुलिस को लोकेशन दिखाई गई। उसके बाद शुक्रवार की शाम को बरात भी सिकंदराबाद पहुंची। शुक्रवार रात शाहबुद्दीन गाजी की बेटी जेबा से सलमान का निकाह हो गया। उसकी वीडियो भी पुलिस को दिखाई है। अब दुल्हन लेकर सलमान मेरठ नहीं, बल्कि सिकंदरबाद में ही रहेगा। साथ ही वलीमा कार्यक्रम तय तिथि और स्थान पर ही होगा।

कोतवाली के इस्माइल नगर निवासी सलमान पर अपर जिला मजिस्ट्रेट नगर द्वारा 3/4 गुंडा एक्ट लगाया गया है। उसे गुरुवार से छह माह के लिए जिला बदर किया गया। कोतवाली पुलिस ने इसका नोटिस उसके घर पर चस्पा कर दिया। सलमान छह माह पहले जेल से छूटा था। इसके बाद से वह दिल्ली शिफ्ट हो गया था। इसी बीच उसका रिश्ता जीटी रोड सिकंदराबाद बुलंदशहर निवासी शाहबुद्दीन गाजी की बेटी जेबा गाजी से तय हुआ । उसकी मंगनी भी दिल्ली में हुई। 22 नवंबर की शादी के लिए रिश्तेदार भी मेरठ में आ गए थे। शादी से एक दिन पहले जिला बदर का नोटिस चस्पा होने के बाद परिवार के लोगों ने सलमान को चुपके से यहां से निकाल दिया। वह गुरुवार को ही सिकंदराबाद दुल्हन के घर पर पहुंच गया। सलमान के घर पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। स्वजन ने सलमान से वीडियो काल कर पुलिस को दिखाया कि वह सिकंदराबाद में दुल्हन के घर पर है। इसके बाद भी सादी वर्दी में पुलिसकर्मी घर पर मौजूद रहे।

शुक्रवार शाम सलमान के रिश्तेदार और परिवार के लोग बरात लेकर सिकंदराबाद निकल गए। बताया जाता है रात 10 बजे सलमान का निकाह हो गया। भाई आमिर गाजी ने बताया कि सलमान के ससुर शाहबुद्दीन की दूध की डेरी है। शाहबुद्दीन ने पुलिस की कार्रवाई के बाद सलमान को सिकंदराबाद में ही एक मकान दे दिया है, सलमान पत्नी के संग वहीं रहेगा। आमिर ने बताया कि कैसल व्यू में वलीमा का कार्यक्रम 26 नवंबर को होगा। उसमें सलमान को शामिल नहीं किया जाएगा । उसकी पत्नी जेबा को उसके मायके के लोग लेकर पहुंचेंगे। आमिर ने बताया कि सलमान शादी करने के बाद अपराध की दुनिया से तौबा करना चाहता है लेकिन पुलिस लगातार उस पर मुकदमे दर्ज कर रही है।

सलमान के घर पर रहेगी पुलिस ससुराल में रहेगा सलमान
सलमान की निगरानी को उसके घर पर पुलिस बल लगाया गया है। सलमान से बेटी की शादी करने वाले शाहबुद्दीन का भी आपराधिक रिकार्ड देखा जा रहा है। पुलिस पुराने मुकदमों में भी कार्रवाई के बारे में जानकारी जुटा रही है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम सलमान के घर पर लगा दी है। वलीमा कार्यक्रम को लेकर भी सदर बाजार पुलिस को अलर्ट कर दिया है।

Share.

About Author

Leave A Reply