मेरठ 26 दिसंबर (प्र)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने कहा कि समाज को सही दिशा और दशा की ओर ले जाने के लिए शस्त्र से भी ज्यादा महत्वपूर्ण शास्त्र हैं। आज समाज में विकृति उत्पन्न करने के लिये जो नैरेटिव गढ़े जा रहे हैं, उनका सामना शास्त्रों एवं किताबों के अध्ययन से किया जा सकता है।
सूरजकुंड रोड स्थित विश्व संवाद केंद्र पर बुधवार को डा. कपिल अग्रवाल द्वारा लिखित पुस्तक ‘पुण्य प्रवाहः राष्ट्र मंदिर के समर्पित दीप’ का विमोचन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पदम सिंह ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर जो तथ्यहीन, समाज विरोधी, युवाओं में भटकाव उत्पन्न करने की सामग्री आज परोसी जा रही है, यह वर्तमान और भविष्य के लिये एक बड़ी चुनौती है। हमारा आज का युवा पुस्तकों से दूर होता जा रहा है। जिस कारण वह भारत के स्वर्णिम इतिहास एवं महापुरुषों से अनभिज्ञ है।
सूचना आयुक्त राजेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रिंटिंग सामग्री विशेष रूप से किताबों के प्रति युवाओं का रूझान बहुत कम हुआ है। इसका मुख्य कारण इंटरनेट है। लेखक डा. कपिल अग्रवाल ने बताया कि इस पुस्तक में चालीस महापुरुषों अर्थात् विश्व संवाद केन्द्र, मेरठ द्वारा वापीति प्रवाह राष्ट्र मंदिर के कार्य को समर्पित 40 दीपों का उल्लेख किया गया है। संचालन सुनील कुमार सिंह ने किया । धन्यवाद ज्ञापन विश्व संवाद केंद्र न्यास के अध्यक्ष श्याम बिहारी लाल ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक सूर्यप्रकाश टोंक, प्रांत प्रचार प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, विनोद भारतीय, अरुण जिन्दल, अशोक शर्मा, राजगोपाल कात्यायान, पंकज राज शर्मा आदि उपस्थित रहे।