Friday, April 10

दिल्ली रोड समेत दस मार्ग होंगे जाम मुक्त

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 10 अप्रैल (प्र)। डीजीपी के निर्देश पर सिटी- रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (सीआरटीसी) योजना के तहत शहर के दस मुख्य मार्गों को जाम मुक्त करने के लिए चिहिन्त कर लिया गया है। इन मार्गों पर अतिक्रमण हटाकर, ई रिक्शों पर अंकुश लगाकर और रूट मार्शल की तैनाती कर जाम मुक्त करने की योजना यातायात पुलिस ने तैयार की है। जल्द इस योजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

शहर के मुख्य मार्गों पर लगने वाला जाम बड़ी समस्या है जाम के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है वैवाहिक सीजन में इन मार्गों पर और बुरा हाल हो जाता है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने 20 शहरों की 172 मार्गों को जाम मुक्त करने के निर्देश देते हुए कहा था कि बढ़ते शहरीकरण और वाहनों की संख्या के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इसके चलते तकनीक आधारित योजना लागू की गई है।

इन मार्गों पर ट्रैफिक निरीक्षक या उपनिरीक्षक स्तर का एक रूट मार्शल तैनात किया जाएगा। यह ट्रैफिक को सुचारु रखने की जिम्मेदारी संभालेगा। इन मार्गों को जाम मुक्त करने के लिए यातायात पुलिस जागरूकता लाने, सख्ती से नियमों को लागू करने, सड़कों की मरम्मत कराने अतिक्रमण हटाने, तकनीक का इस्तेमाल कर और ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित कर जाम मुक्ति का प्रयास करेगी।

एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि दस मुख्य मार्गों को जाम मुक्त करने के लिए चिहिन्त किया गया है। जागरूकता के लिए ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों संग बैठक की जाएगी। जिससे ओवरलोड वाहनों के आवागमन का समय तय हो और अतिक्रमण हटाया जा सके।

एआई की लेंगे मदद
योजना के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) यातायात को रियल टाइम में मॉनिटर किया जाएगा। इससे जाम वाले स्थानों की तुरंत पहचान हो सकेगी और अधिकारी अपने मोबाइल पर इसे देख पाएंगे पीक आवर्स में यात्रा का समय कम से कम 20 प्रतिशत घटाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे लोगों का समय और ईंधन बचेगा और प्रदूषण कम होगा। एंबुलेंस आदि को भी जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।

इन दस मार्गों पर चलेगा अभियान
बेगमपुल से टीपीनगर गेट
टीपीनगर गेट से बागपत फ्लाईओवर मलियाना पुल
हापुड़ अड्डे से बिजली बंबा बाईपास
बिजली वंबा बाईपास से शॉप्रिक्स मॉल
कंकरखेड़ा से सरधना फ्लाईओवर
कंकरखेड़ा से मोदीपुरम खिर्वा कट
साकेत से बक्सर चौराहा
साकेत से तेजगढ़ी
बागपत अड्डे से जानी नहर तक

Share.

About Author

Leave A Reply