Saturday, July 12

मेरठ में 38 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, 52 साल में तीसरा सबसे गर्म दिन

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 27 मार्च (प्र)। पहाड़ों पर प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने और साफ मौसम के बीच बुधवार को मेरठ में दिन का तापमान नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ गया। 52 साल में तीसरी बार इस साल मार्च में सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। दिनभर गर्म हवाएं चलती रही। तापमान का यह स्तर आज 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि कल से तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है और गर्मी से राहत मिलेगी। बुधवार मार्च का सबसे गर्म दिन भी रिकॉर्ड हुआ।

बुधवार को मेरठ में दिन का तापमान 38.4 डिग्री सेल्यियस रहा जो सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पहले मेरठ में 30 मार्च 2022 को तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। मेरठ में ऐतिहासिक रूप से सर्वाधिक तापमान 29 मार्च 1973 को 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। ऐसे में बुधवार को मेरठ में 52 साल में तीसरा सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मंगलवार के सापेक्ष दिन-रात के तापमान में 1.5 एवं 2.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार आज से तीन दिन तक मेरठ सहित वेस्ट यूपी के अधिकांश हिस्सों में 15-25 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। दिन में अधिक तापमान और तेज हवाओं से मुश्किलें बढ़ेंगी। फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं।

मार्च में राहत, पांच साल में दूसरी बार सबसे अच्छी हवा
मार्च में मेरठ में दूसरी बार सबसे साफ हवा बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार एक से 25 मार्च तक इस साल मेरठ में हवा की औसत गुणवत्ता 109 दर्ज हुई जो मध्यम श्रेणी में है। 2024 में इसी महीने में औसत एक्यूआई 99 था। 2020 में औसत एक्यूआई 127 था। 2021 में इसी अवधि में मेरठ का एक्यूआई 245, 2022 में 220, 2023 में 155 दर्ज हुआ था।

Share.

About Author

Leave A Reply