Thursday, November 13

तकनीकी खामी से नमो भारत का गेट लॉक, यात्रियों ने किया हंगामा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 20 सितंबर (प्र)। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर के मेरठ साउथ स्टेशन पर शुक्रवार शाम को नमो भारत ट्रेन अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। गाजियाबाद से आ रही ट्रेन के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे सैकड़ों यात्री करीब 20 मिनट तक कोच के भीतर ही फंसे रहे। अचानक हुई गड़बड़ी से यात्रियों में हड़कंप मच गया और हंगामा किया। यात्रियों ने अपने मित्रों को फोन पर सूचना दी। जब तक लोग पहुंचते तब तक तकनीकी टीम ने मैनुअल तरीके से गेट को खोलकर यात्रियों को बाहर निकाला।

यात्री ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे जैसे ही नमो भारत मेरठ साउथ स्टेशन पर पहुंची तो उसके मुख्य द्वार अचानक लॉक हो गए। ऑटो मोड में गेट नहीं खुल सके। बाहर निकलने की कोशिश कर रहे यात्री जब गेट नहीं खोल पाए तो उन्होंने शोरगुल शुरू कर दिया। कई यात्रियों ने अपने मित्रों और अन्य लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टेशन पर तैनात अधिकारी और स्टाफ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मैनुअल तरीके से गेट खोले गए और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यात्रियों ने आरोप लगाया कि नमो भारत में सफर करने वालों की सुरक्षा के साथ बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। प्लेटफार्म पर स्थिति तनावपूर्ण देख अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। धीरे-धीरे लोगों को ट्रेन से बाहर निकाला गया। इसके बाद नमो भारत के इस ट्रेन सेट को पूरी तरह से खाली कराकर वापस दुहाई डिपो जांच के लिए भेज दी गई। इस बीच सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं मिली है। वैसे एनसीआरटीसी ने जांच का आदेश दिया है।

एनसीआरटीसी सीपीआरओ पुनीत वत्स का कहना है कि शुक्रवार शाम 6.35 बजे नमो भारत ट्रेन के गेट मेरठ साउथ स्टेशन पहुंचने पर तकनीकी खामी के चलते ऑटो मोड में नहीं खुले। मैन्युअल तरीके से गेट खोलकर यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला। इसमें दस मिनट का समय लगा। ट्रेन सेट को जांच के लिए वापस भेज दिया है। बाकी ट्रेनों का संचालन सामान्य चल रहा है।

Share.

About Author

Leave A Reply