Friday, November 21

विजय दशमी पर त्रिस्तरीय सुरक्षा प्लान तैयार, ड्रोन से होगी निगरानी; 5 हजार पुलिसकर्मियों के कंधे पर सुरक्षा का दायित्व

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 30 सितंबर (प्र)। मेरठ रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों की सुरक्षा विजयादशमी पर चाक चौबंद रहेगी। ड्रोन से निगरानी की जाएगी। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। यह पहला मौका होगा, जब एक ही दिन तीन बड़े आयोजन है। किसी तरह की अव्यवस्था ना फैले इसके लिए रामलीला कमेटियों की भी मदद ली जा रही है।


दशहरा मेले के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। पहले स्तर पर पुलिस और प्रशासन भीड़ प्रबंधन, यातायात की व्यवस्था संभालेगा। दूसरे स्तर पर मुख्य कार्यक्रम स्थल व मंदिरों की निगरानी रहेगी। यहां अग्नि सुरक्षा प्राथमिकता होगी। इसके अलावा तीसरा स्तर संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ा है।

इसके लिए एलआईयू व अन्य खुफिया एजेंसी सक्रिय रहेंगी। जोन की बात करें तो 109 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। इनकी निगरानी के लिए 24 जोन व 81 सेक्टर के तहत रेंज को बाटकर व्यवस्था तैयार की गई है।

भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा महत्वपूर्ण
डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी ने बताया- पूरे रेंज में 347 शोभायात्राएं निकलेंगी और 110 स्थानों पर रावण दहन होगा। पुलिस प्रशासन का मुख्य फोकस भीड़ प्रबंधन पर रहेगा। इसके लिए सभी रामलीला व मेला स्थलों पर आने जाने की व्यवस्था देखी जा रही है। कोशिश यही है कि लोगों को आने जाने में दिक्कत ना झेलनी पड़े। आपात स्थिति में क्या व्यवस्था रहेगी, इस पर भी फोकस किया जा रहा है।

ट्रैफिक प्रबंधन पर भी पूरा जोर
व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक प्रबंधन पर भी जोर दिया जा रहा है। सुबह से ही शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों के आस पास अगर वाहनों का दबाव बढ़ता है तो दोपहर से छोटे वाहनों का प्रवेश भी उन इलाकों में रोक दिया जाएगा।

इसके लिए अतिरिक्त ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं। मेला स्थलों पर कोई चार पहिया वाहन नहीं जा सकेगा। उन्हें पहले ही रोक दिया जाएगा। लोकल पुलिस व्यवस्था में सहयोग करेगी।

मंगलवार को प्लान पर मोहर
रेंज में 4699 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इनमें सात एडिशनल एसपी, 25 सीओ, 92 निरीक्षक, 705 उपनिरीक्षक, 1370 हेड कांस्टेबल, 1645 कांस्टेबल के अलावा 855 होमगार्ड व पीआरडी के जवानों के साथ 2 कंपनी पीएसी शामिल हैं।

मेरठ में तीन अपर पुलिस अधीक्षक, 8 सीओ, 45 निरीक्षक, 140 उप निरीक्षक, 750 से ज्यादा कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल, 200 महिला पुलिसकर्मी के अलावा पुलिस की क्यूआरटी और पीएसी सतर्क रहेगी। मंगलवार को प्लान पर मोहर लग जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था के यह होंगे खास इंतजाम
एसपी/डिप्टी एसपी भीड़ प्रबंधन संभालेंगे।
आग से बचाव के लिए निर्धारित रूटों पर फायर टीमें मौजूद रहेंगी।
रूट डायवर्जन की स्थिति में अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की खुफिया टीमें सक्रिय रहेंगी।
अराजकता फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष टीम नजर रखेगी और सख्ती से निपटेगी।
बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
वाहनों की पार्किंग को लेकर भी अलग अलग स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं।
प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर पथ प्रकाश, पीने के पानी और टॉयलेट की भी समुचित व्यवस्था रहेगी।

Share.

About Author

Leave A Reply