मेरठ 02 फरवरी (प्र)। मेरठ में शनिवार रात में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद से मौसम में लगातार बदलाव जारी है। रविवार को जहां मौसम बिल्कुल साफ रहा और धूप निकली तो वही सोमवार सुबह आसमान में कोहरे की मोटी चादर देखी गई। हालांकि बारिश के बाद निकली धूप से शहर वासियों को ठंड में कुछ राहत मिली लेकिन शाम के समय फिर से ठिठुरन ने लोगों को परेशान किया।
आज (सोमवार) न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। मेरठ में दिन के दौरान तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि रात में यह 12.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद है। मेरठ में हवा की गति 7.9 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई है।
इस दौरान 2.1 मिमी बारिश दर्ज हुई। बारिश और हवा चलने के चलते शहर की हवा भी साफ हुई है। एक्यूआई में गिरावट दर्ज की गई और औसत एक्यूआई 128 रहा। गंगानगर में 103, जयभीम नगर में 130, पल्लवपुरम में 151, बेगमपुल में 129 और दिल्ली रोड पर 141 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो पहले के मुकाबले राहत भरा है।
मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली के अनुसार, 0-50 का एक्यूआई अच्छा, 50-100 संतोषजनक, 100-200 श्मध्यमश्, 200-300 खराब माना जाता है, जबकि 300 से ऊपर के स्तर को बहुत खराब या गंभीरके रूप में वर्गीकृत किया जाता है, जो संवेदनशील समूहों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जोखिमों का संकेत देता है।
वहीं कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात फिर बुरी तरह प्रभावित हुए। ठंड की वजह से रोडवेज बसें भी खाली ही दिखाई दे रही हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि एक फरवरी से प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे एक से तीन फरवरी के दौरान पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना बनेगी।
