मेरठ 12 नवंबर (प्र)। टीपीनगर के पंजाबीपुरा में गटर सफाई के बहाने महिला की चेन लूटकर भागा बदमाश मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह फिर किसी घटना की फिराक में था। तभी पुलिस की उससे मुठभेड़ हो गई। आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने अपना नाम बादल पुत्र कश्मीरी लाल निवासी मंगतपुरम मुकुट महल के पीछे थाना ब्रह्मपुरी बताया।
टीपीनगर के पंजाबीपुरा में रीना जैन रहती हैं। रविवार दोपहर उनके घर के पास गटर की सफाई चल रही थी। वह सीधे स्वभाव बाहर निकलकर उसे देखने लगीं। तभी एक युवक उनके पास आया और कहा कि अगर वह भी गटर साफ कराना चाहती हैं तो बता दें। कम पैसे में काम हो जाएगा। इसी बहाने वह अंदर घुसा और चेन तोड़कर भाग निकला।
वारदात के बाद पुलिस पहुंची। रीना ने पूरा वाकिया बताया। कहा कि उन्होंने अपना गटर घर के भीतर बनाया हुआ है। उस शख्स ने पहले गटर देखने की बात कही ताकि वह उसे देखकर सफाई के पैसे बताए। वह आगे आगे चल रहीं थी। अचानक पीछे से उसने गर्दन पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली और भाग निकला। वारदात से हड़कंप मच गया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने टीपीनगर के साथ ही परतापुर और ब्रह्मपुरी पुलिस को भी खुलासे के लिए लगा दिया। जहां जहां संभव हो सका पुलिस ने रात तक सीसीटीवी कैमरे खंगाल लिए। इनमें से तीन में वह शख्स दिखाई दे गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरु कर दिया।
मेवला फ्लाई ओवर के निकट एक संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने उसकी निगरानी शुरु की तो वह भाप गया और बचकर भागने लगा। पुलिस भी उसके पीछे दौड़ पड़ी।
अचानक उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी फायरिंग का जवाब दिया। इसी दौरान पुलिस की एक गोली उसके पैर में जा लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गया।
पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और सीधे जिला अस्पताल लेकर आ गई। यहीं खुलासा हुआ कि इसी बदमाश ने महिला की घर में घुसकर चेन तोड़ी थी।
