Saturday, December 20

सपा नेत्री के पति ने घर के बाहर पेड़ पर लगाई फांसी

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 18 दिसंबर (प्र)। समाजवादी पार्टी महिला सभा की किठौर विधानसभा अध्यक्ष मिथलेश जाटव के पति विनोद जाटव ने आंबेडकर नगर में किराए के घर के बाहर पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में मृतक अपनी पत्नी के राजनीति में जाने से क्षुब्ध था। नोट में किठौर विस सीट से सपा विधायक शाहिद मंजूर के करीबी शुएब मलिक पर मिथलेश को राजनीति में सहयोग करने का भी आरोप लगाया है। वहीं अपनी साली और साढू को भी आत्महत्या का जिम्मेदार बताया है।

गढ़ रोड पर भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर कदीम निवासी 48 वर्षीय विनोद की शादी 2001 में बुलंदशहर निवासी मिथलेश से हुई थी। विनोद टाटा मैजिक चलाता था। इनके चार बच्चे हैं। पिछले कुछ साल से मिथलेश की रूचि राजनीति में बढ़ने लगी। वर्ष 2022 में दोनों इसको लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ा तो जून में विनोद घर छोड़कर मेडिकल थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर में किराए के मकान में रहने लगा। विनोद मंगलवार देर रात करीब 12रू45 बजे पड़ोसी किराएदार को एक घंटे में वापस आने के लिए कहकर निकला था। सुबह सात बजे घर से कुछ ही दूरी पर लोगों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा। लोगों ने कालियागढ़ी निवासी उसके भांजे वैभव को सूचना दी। वैभव मां के साथ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, विनोद की जेब में सुसाइड नोट मिला। उसने अपनी मौत का जिम्मेदर पत्नी, साली, साढ़ और सपा नेता शुएब को बताया है। वैभव की तरफ से पत्नी और सुसाइड नोट में उल्लेखित लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की मेडिकल थाने में तहरीर दी गई। इसके बाद मिथलेश और बच्चे भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। बड़े बेटे हर्ष ने अंतिम संस्कार किया।

साली के तहरीर देने के 24 घंटे बाद ही कर लिया सुसाइड
विनोद जाटव की आत्महत्या के बाद सुसाइड नोट से सवालों में घिरी पत्नी मिथलेश मिथलेश का कहना है कि 2018 में पति ने ही सपा नेताओं को घर बुलाकर पार्टी में ज्वानिंग कराई थी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास भी विनोद ही लेकर गया था। मिथलेश ने बताया कि सुसाइड नोट में जिस शुएब मलिक का नाम लिखा है, उसे वह नहीं जानती। विनोद के एक महिला से अवैध संबंध थे. पता चलने पर बच्चों ने विरोध किया तो वह घर से चला गया। वहीं साली रीनू ने विनोद के खिलाफ मेडिकल थाने में मंगलवार को ही तहरीर दी थी।

मिथलेश ने बताया कि पहले विनोद सपा नेताओं की गाड़ी चलता था। 2018 में विनोद ही सपा नेताओं को घर पर लाया था और उसे पार्टी ज्वानिंग कराई। विनोद हमेशा पार्टी कार्यक्रमों में साथ रहता था। इसी बीच विनोद के बहसूमा निवासी रिश्तेदार महिला से अवैध संबंध हो गए। मोबाइल पर बातचीत की रिकार्डिंग बच्चों ने सुन ली। मिथलेश और बच्चों ने विरोध किया। तब जून में विनोद घर छोड़कर चला गया था। मंगलवार को विनोद शास्त्रीनगर के एल ब्लाक स्थित साली रीनू के घर गया था। तब रीनू ने विनोद को महिला का साथ छोड़ने की सलाह दी। उसके बाद विनोद ने रीनू और उसके पति प्रदीप को जान से मारने की धमकी दी। रीनू की तरफ से मेडिकल थाने में इसकी तहरीर दी गई गई थी। पुलिस ने उस पर कोई संज्ञान नहीं लिया। तहरीर देने के 24 घंटे बाद ही विनोद ने सुसाइड कर लिया।

सात दिन पहले ही हुई बेटी की शादी : मिथलेश ने बताया कि दस दिसंबर को बेटी की शादी की है। पार्टी के कई नेता समारोह में शामिल हुए थे। विनोद बेटी की शादी में मेहमान की तरह शामिल हुआ था। उसने शादी में कोई सहयोग नहीं किया। चारों बच्चों के साथ मेहनत कर बेटी की शादी के लिए रकम जुटाई थी। बेटी को आशीर्वाद देकर विनोद चला गया था।

किठौर सपा विधायक शाहिद मंजूर का कहना है कि मैं किसी शुएब मलिक को नहीं जानता। मिथलेश हमारी पार्टी की नेता हैं। उनकी बेटी की शादी में भी पार्टी के सभी नेता गए थे। मिथलेश को जानता हूं। वह पार्टी के सभी कार्यक्रमों में शामिल होती हैं। पति-पत्नी के आपसी रिश्तों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

Share.

About Author

Leave A Reply