मेरठ 02 फरवरी (प्र)। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर दौराला थाना क्षेत्र में दादरी गांव के पास रविवार सुबह मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने खतौली कस्बे के मोहल्ला शिवपुरी निवासी श्रद्धालु हरिओम टंडन ( 55 ), सरला (58) और सरिता को कुचल दिया। मौके पर ही हरिओम और सरला की मौत हो गई। तीनों श्रद्धालु नंगली तीर्थ पैदल परिक्रमा करते जा रहे थे। हरिओम की पत्नी सरिता को गंभीर अवस्था में मोदीपुरम अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
शिवपुरी निवासी हरिओम टंडन की खतौली में गन्ना समिति की खाद की दुकान है। रविवार को वह पत्नी सरिता, पड़ोसन सरला पत्नी राजेंद्र के साथ खतौली से पैदल परिक्रमा करते हुए सकौती टांडा के पास नंगली तीर्थ जा रहे थे पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जाते हैं। इनमें काफी पैदल भी पहुंचते हैं और वहां पर कुंड में स्नान करते हैं।
रविवार सुबह करीब नौ बजे दादरी गांव के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने किसी वाहन को ओवरटेक करते हुए तीनों को कुचल दिया। बस हरिओम व सरला को करीब 50 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गई और हाईवे से नीचे कच्चे में उतर गई। घटना के बाद चालक वहां से बस लेकर भाग निकला।
खाद कारोबारी हरिओम और सरला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सरिता को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल एसडीएस ग्लोबल में भर्ती कराया। वहीं, परिजनों को सूचना देते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि घायल सरिता का उपचार चल रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने देर रात तक हादसे के संबंध में तहरीर नहीं दी थी। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि रोडवेज बस के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
चिल्लाती रही सरिता, पति ने सामने तोड़ा दम
दौराला दादरी गांव के पास हुए हादसे के बाद घायल सरिता लोगों की भीड़ व एंबुलेंस के पहुंचने पर रोते हुए चिल्लाती रही- भैया बचा लो, जल्दी अस्पताल ले चलो। पति हरिओम को बेसुध पड़ा देखकर सरिता स्वयं की चोट को भूल गई. वह पति के ठीक होने की दुआ करती रही लेकिन हादसे में पति ने उसकी आंखों के सामने ही दम तोड़ दिया। सरिता के अनुसार जब वह दादरी गांव के सामने पहुंचे तो अनियंत्रित बस ने तीनों को पहले टक्कर मारी। इसके बाद वह कच्चे रास्ते में जा गिरी, लेकिन पति हरिओम व पड़ोसन सरला बस के नीचे आ गए और बस दोनों को दूर तक घसीटते हुए ले गई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचते ही सरिता रोते हुए बोली भईया बचा लो, जल्दी अस्पताल ले चलो, लेकिन अस्पताल ले जाने पर हरिओम और सरला को मृत घोषित कर दिया।
