Tuesday, February 10

एक रुपये का सिक्का लेकर 500 का नोट बनाने का दावा करने वाला ठग पकड़ा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 10 फरवरी (प्र)। यह ठग बड़ा शातिर है। खुद को मंदबुद्धि दर्शाकर वह लोगों से एक रुपये का सिक्का मांगता है। फिर उस सिक्के से 500 रुपये का नोट बनाकर प्रलोभन देता है। इसके बाद सम्मोहित करके सोने के चेन, कुंडल, अंगूठी आदि समान ठग लेता है। उसने कलक्ट्रेट में महिला प्रधान सहायक को सम्मोहित कर उनके सोने के कुंडल ठग लिए थे। सोमवार को वह फिर कलक्ट्रेट पहुंचकर किसी व्यक्ति को ठगने की कोशिश कर रहा था। पीड़ित महिला कर्मचारी ने उसे पहचान लिया और शोर मचाकर पकड़वा दिया। भीड़ ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

गत दिवस कमिश्नर कलक्ट्रेट के निरीक्षण को पहुंचने वाले थे। इसी बीच डीएम कार्यालय के पास हंगामा हो गया। महिला लिपिक सीमा गोस्वामी ने शोर मचाकर भीड़ एकत्र कर ली और एक व्यक्ति को पकड़वा दिया। वह खुद को मंदबुद्धि दर्शाकर लोगों से भीख मांग रहा था।

सीमा गोस्वामी ने कहा कि शनिवार को उक्त व्यक्ति उनके पास आया और एक रुपये का सिक्का मांगा। उस सिक्के से अचानक 500 रुपये का नोट बनाकर दिखाया। इसके बाद सम्मोहित करके उनके दोनों कान के कुंडल ठगकर ले गया था। सोमवार को भी वह लोगों को ठगने की कोशिश कर रहा था। भीड़ ने उसे पकड़कर कचहरी चौकी पुलिस को सौंप दिया। पकड़े जाने पर उसने कुंडल वापस देने का वादा किया। एक व्यक्ति को फोन करके कुंडल लाने के लिए भी कहा। पुलिस को उसने अपना नाम पिंटू बताया।

दारोगा जावेद आलम ने बताया कि पिंटू हापुड़ का रहने वाला है। उसने जिस व्यक्ति को फोन किया था, उसकी तलाश की जा रही है। उसका फोन बंद होने से लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। पीड़ित महिला कर्मचारी ने देर शाम तक तहरीर नहीं दी थी। पकड़े गए व्यक्ति को रातभर के लिए उसके रिश्तेदारों के सिपुर्द किया है। उसके साथी को तलाशकर कार्रवाई की जाएगी।

Share.

About Author

Leave A Reply