मेरठ/किठौर, 19 फरवरी (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। नगर के 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय के एक फार्मासिस्ट पर मरीजों से सुविधा शुल्क लेकर इलाज देने, सरकारी दवाइयों की कालाबाजारी करने के आरोप लगे हैं। कस्बे के युवक ने सीएमओ और डीएम से मामले की शिकायत कर पैसे के लेन-देन का वीडियो भी पेश किया, लेकिन अभी कोई कार्रवाई नही हुई। आरोप है कि आरोपी फार्मासिस्ट उच्चाधिकारियों तक सेटिंग का दावा करता है।
किठौर के मोहल्ला नईबस्ती निवासी शाहनवाज पुत्र रिफरकत ने डीएम डॉ. बीके सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि नगर के 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में कार्यरत फार्मासिस्ट विजेंद्र सिंह अस्पताल के प्रथमतल पर फार्मेसी में बैठकर मरीजों का प्राइवेट इलाज करता है। आरोप है कि विजेंद्र सामान्य मरीज से सौ और इमरजेंसी मरीज से पांच सौ से एक हजार रुपये तक सुविधा शुल्क वसूलता है। बिजेंद्र का ड्रिप लगाने का चार्ज दो सौ से तीन सौ रुपये है। आरोप ये भी है कि सुविधा शुल्क देने से इंकार पर आरोपी फार्मासिस्ट मरीजों को ऐसा इलाज करने की धमकी देता है कि जिंदगी भर याद रहे। शाहनवाज का आरोप है कि फार्मासिस्ट विजेंद्र ने उसकी मम्मी और कई अन्य मरीजों से इलाज के पैसे लिए हैं। जिसका वीडियो उसने डीएम और सीएमओ के समक्ष प्रस्तुत किया। फार्मासिस्ट पर सरकारी दवाइयों की कालाबाजारी के भी आरोप हैं। कस्बे के राशिद तबारक ने बताया कि खांसी होने पर वह अस्पताल गया तो डाक्टर ने जांच पड़ताल कर उसे कफ सीरप लिख दी। फार्मासिस्ट ने अस्पताल में कफ सीरप न होने की बात कही। राशिद का आरोप है कि पैसे देने पर उसी फार्मासिस्ट ने स्टोर रूम से उसे कफ सीरप उपलब्ध करा दी। राशिद ने उच्चाधिकारियों से शिकायत को कहा तो आरोपी फार्मासिस्ट ने दो टूक जवाब दिया कि सीएमओ से कहो या कलेक्टर से मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता क्योंकि मैं पैसा ऊपर तक देता हूं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि डीएम और सीएमओ से शिकायत के बावजूद आरोपी फार्मासिस्ट पर कोई कार्रवाई नही हुई है। सीएमएस डॉ. विश्वास चौधरी ने फार्मासिस्ट की शिकायत मिलने की बात कही है।
फार्मासिस्ट सरकारी अस्पताल में कर रहा प्राइवेट प्रैक्टिस
Share.
