मेरठ 20 फरवरी (प्र)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। शनिवार को रैली स्थल और रैपिड स्टेशनों पर सुरक्षा ब्रीफिंग की जाएगी। रैपिड स्टेशनों से लेकर रैली स्थल तक प्रधानमंत्री श्री लेवर सुरक्षा में रहेंगे। उन्हें हैलीपैड से लेकर स्टेशन और रैली स्थल तक एसपीजी (विशेष सुरक्षा समूह) अपने घेरे में रखेगी।
जनपद में एसपीजी की टीम ने डेरा डाल दिया है। शनिवार को एसपीजी के डीजी आलोक शर्मा भी पहुंचेंगे। वहीं क्षेत्र को भी नो फ्लाईजोन घोषित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा थ्री लेयर में होगी। प्रथम लेयर में एसपीजी के कमांडो रहेंगे, जबकि काफिले में बुलेट प्रूफ कार, आर्मर्ड गाड़ियां, एंबुलेंस और जैमर वाहन शामिल होंगे। इस काफिले में लगभग 100 जवान तैनात रहेंगे। एसपी रैंक के 150 और 100 प्रशासनिक अधिकारी भी सुरक्षा में शामिल रहेंगे। इंटेलिजेंस आइबी और एटीएस की टीम भी लगाई गई है। कुल मिलाकर करीब 8000 जवानों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है।
प्रधानमंत्री की रैली में सुरक्षा के लिए बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद गौतमबुद्धनगर, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरैली, अलीगढ़, आगरा समेत 12 जनपदों से पुलिस बल बुलाया गया है।
करीब 45 आइएएस आइपीएस अधिकारी, 105 पीसीएस एवं पीपीएस अधिकारी, 1500 इंस्पेक्टर, 3500 दारोगा और हेडकांस्टेबल और सिपाही को भी रखा गया है।
वहीं मोदीपुरम से लेकर मेरठ साउथ तक चतुर्थ खंड में रैपिड और मेट्रो के 12 स्टेशनों की सुरक्षा का दायित्व एसएसएफ को सौंपा गया है। 500 जवान तैनाती किए गए हैं, जिनमें एक कमांडेंट और दो इंस्पेक्टर रहेंगे। प्रत्येक इंस्पेक्टर को छह स्टेशनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी है। गुरुवार को सेनानायक ने सभी जवानों को ड्यूटी के बारे में ब्रीफिंग दी।
मोदीपुरम स्थित हास्टल में पांचवीं वाहिनी के सेनानायक डा. एमपी सिंह ने सीओ नवीना शुक्ला के साथ जवानों को बीफ किया। बताया गया कि मेरठ साउथ से मादीपुरम तक के सभी स्टेशन खंड चार में आते हैं। खंड चार की सुरक्षा के लिए इंस्पेक्टर सचिन कुमार और अजय कुमार को छह-छह स्टेशनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसएफ के डीजी डीके ठाकुर ने बताया कि आरआरटीएस के साथ मिलकर एसएसएफ के जवान स्टेशन की सुरक्षा का कार्य संभालेंगे। मशीनों से सामान की चेकिंग और यात्रियों की जांच भी एसएसएफ के जवान करेंगे। वर्तमान में एसएसएफ की पांचवीं वाहिनी को पीएसी की 44 बटालियन में अस्थाई रूप से रखा गया है। जमीन मिलने पर मेरठ में एसएसएफ की स्थायी वाहिनी स्थापित की जाएगी। सभी एसएसएफ जवान शनिवार से ड्यूटी पर तैनात होंगे।
