मेरठ 20 फरवरी (प्र)। 22 फरवरी को मोदीपुरम मेरठ से सराय काले खां दिल्ली तक दौड़ने जा रही रैपिड रेल में 90 सेंटीमीटर तक का बच्चा ही निशुल्क यात्रा कर सकेगा। 90 सेंटीमीटर से अधिक का बच्चा होने पर परिजनों को टिकट लेना पड़ेगा। 90 सेंटीमीटर का मतलब है 2.95 फुट। नमो भारत पोर्टल पर निशुल्क यात्रा की अर्हता में केवल 90 सेंटीमीटर तक के बच्चे को ही इस श्रेणी में रखा गया है। समस्त यात्री चाहें किसी भी उम्र के हों, उन्हें निर्धारित राशि के टिकट लेने होंगे।
वापसी का टिकट भी ले सकेंगे
पोर्टल के अनुसार यात्रियों को वापसी का टिकट लेने का विकल्प मिलेगा। कोई यात्री मेरठ से दिल्ली जाने का टिकट लेते हुए वहां से वापसी का टिकट भी एकसाथ खरीद सकता है। नमो भारत यात्रियों को डिजिटल क्यूआर टिकट जनरेट करने को प्रोत्साहित करेगा। यह टिकट कहीं से जनरेट किए जा सकते हैं। चाहे घर हो या ऑफिस। हालांकि टिकट जनरेट करने के दो घंटे के भीतर इसे स्टेशन पर स्कैन करना जरूरी होगा।
मोबाइल एप से जारी टिकट की वापसी नहीं
पोर्टल के अनुसार मोबाइल एप से जारी हुए क्यूआर टिकट वापस नहीं किए जा सकेंगे। यदि टिकट लेने के बाद कोई यात्री यात्रा नहीं करने का मन बनाता है और वह टिकट वापसी करते हुए राशि चाहता है तो यह विकल्प नहीं मिलेगा। मोबाइल एप से खरीदे टिकट निरस्त नहीं किए जा सकेंगे।
पोर्टल के अनुसार यदि किसी कारण टिकट या कार्ड खो जाता है तो स्टेशन पर उतरने के बाद ग्राहक सेवा केंद्र यात्री से अधिकतम किराए के साथ अतिरिक्त राशि भी वसूलेगा। यदि कोई यात्री जिसके पास टिकट है और वह निर्धारित स्टेशन के बाद किसी आगे के स्टेशन पर उतरता है तो इस स्थिति में एएफसी गेट से बाहर निकलने से पहले ग्राहक सेवा केंद्र अतिरिक्त किराया जमा करना होगा। यदि कार्ड है तो बाहर निकलते वक्त किराया स्वत: ही कट जाएगा।
