मेरठ 20 फरवरी (प्र)। हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकारें पश्चिम उत्तर प्रदेश की जनता के हितों की अनदेखी कर रही हैं। लंबे समय से चल रहे आंदोलन का भी संज्ञान नहीं लिया जा रहा यह बातें मेरठ बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा ने कही। साथ ही कहा, अब पश्चिम के सभी 22 जनपदों में बेंच नहीं तो वोट नहीं का नारा दिया जाएगा। साथ ही शनिवार को होने वाले कार्य बहिष्कार को प्रभावी बनाने के लिए रजिस्ट्री और न्यायालयों में अधिवक्ताओं के कामकाज पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
गुरुवार को प्याऊ चौराहे के पास स्थित अपने चैंबर में उन्होंने कहा कि हम आम जनता को न्याय के कार्य में बाधा डालने के पक्ष में नहीं हैं। इसलिए शनिवार के कार्य बहिष्कार को उग्र और प्रभावी बनाया जाएगा। कहा कि शपथ लेने के बाद जल्द से जल्द प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें इस जरूरत से अवगत कराया जाएगा। अनुज शर्मा ने ई फाइलिंग सेंटर की स्थापना के बावजूद जनता को हाई कोर्ट में केस दायर करने में हो रही कठिनाइयों पर भी चिंता जताई। उन्होंने जिला जज और मुख्य न्यायाधीश से मिलकर हाई कोर्ट में केस दायर करने के दौरान जमा होने वाले वादी के शपथपत्र और आनलाइन फोटो की सुविधा इन केंद्रों पर शुरू कराने का आश्वासन दिया । अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन बिल को प्रदेश में लागू कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि बार को विश्वास में लिए बिना पुलिस अधिवक्ताओं के विरुद्ध न तो एफआइआर दर्ज करेगी और न ही छापा और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई। 60 वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने और नए अधिवक्ताओं को आर्थिक मदद प्रदान करने का भी वादा किया।
अलग पश्चिम प्रदेश या फिर बेंच की घोषणा करे केंद्र सरकार: परवेज
मेरठ बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित महामंत्री परवेज आलम ने कहा कि हाई कोर्ट बेंच आंदोलन को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से फैलाया जाएगा। हम मांग करेंगे कि केंद्र सरकार या तो पश्चिम उत्तर प्रदेश को अलग प्रदेश बनाने की घोषणा कर दे या हाई कोर्ट बेंच का नोटिफिकेशन जारी करे। दोनों अधिकार केंद्र के पास हैं। महाराष्ट्र में कोल्हापुर बेंच की घोषणा भी इसी अधिकार से की गई थी। गुरुवार को उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मुलाकात के लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे। कहा कि नए अधिवक्ताओं को न्यायालयों में कार्य व्यवहार सिखाने के लिए हर महीने वर्कशाप आयोजित की जाएंगी।
