मेरठ 21 फरवरी (प्र)। छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को अध्यक्ष ब्रिगेडियर निखिल देशपांडे ने कहा कि सदर बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इंदौर जैसे हादसे रोकने के लिए छावनी क्षेत्र में ड्रेनेज लाइन और पेयजल पाइप लाइन का सर्वे किया जाएगा। किला रोड पर लगने वाले दो कूड़ा निस्तारण प्लांटों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का आईआईटी या एनआईटी से परीक्षण कराया जाएगा, इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
छावनी परिषद सभागार में शुक्रवार को विशेष बोर्ड बैठक की अध्यक्षता ब्रिगेडियर निखिल देशपांडे ने की तथा संचालन सीईओ जाकिर हुसैन ने किया। अध्यक्ष ने कहा कि इंदौर जैसी घटना को रोकने के लिए छावनी क्षेत्र में ड्रेनेज और पेयजल पाइप लाइन का सर्वे कराया जाए। यह मामला बहुत जरूरी है, इसलिए 31 मार्च तक सर्वे रिपोर्ट तैयार करें। गौरतलब है कि छावनी क्षेत्र में भी दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार हो गए थे। इसके बाद हुए सर्वे में कई स्थानों पर पेयजल की पाइप लाइन नालियों से होकर गुजरती हुई पाई गई थी। सर्वे रिपोर्ट के बाद पेयजल पाइप लाइनों को ड्रेनेज सिस्टम से अलग शिफ्ट किया जा सकता है।
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि सदर बाजार में व्यापारियों द्वारा अतिक्रमण किए जाने से नालियां भी साफ नहीं हो पा रही है। दुकानों का सामान सड़क पर रखा जाता है। मनोनीत सदस्य डॉ. सतीश चंद्र शर्मा ने भी इसका समर्थन करते हुए सदर बाजार से अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। इस पर कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर निखिल देशपांडे ने कहा कि सदर बाजार में समय सीमा निर्धारित करते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए।
कैंट विधायक ने उठाया हाउस टैक्स का मुद्दा
कैंट विधायक ने कहा कि छावनी परिषद में एक समान नीति से हाउस टैक्स लगना चाहिए। एक व्यापारी का चार लाख का हाउस टैक्स बढ़ाकर लगभग 28 लाख रुपये कर दिया गया। यह हाउस टैक्स किस तरीके से लगाया गया है? इस पर हाउस टैक्स अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। विधायक ने कहा कि प्रेमपुरी में नाला बंद होने से गंदा पानी भर रहा है और लोग परेशान है। मनोनीत सदस्य का कार्यकाल एक साल बढ़ाने को मंजूरी दी गई। तीन डॉक्टरों का नवीनीकरण एक साल के लिए और यूनानी चिकित्सक का कार्यकाल तीन साल के लिए नवीनीकृत किया गया।
गांधी बाग में होगा लाइट एंड साउंड शो
बोर्ड बैठक में मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा गांधी बाग में लाइट एंड साउंड शो सिस्टम लगाने के लिए 1800 वर्ग फुट जगह को मंजूरी दी गई। इस लाइट एंड साउंड शो के जरिए 1857 की क्रांति का वर्णन दिखाया जाएगा। इसके लिए 100 सीट स्थापित की जाएगी।
बोर्ड बैठक में उठे ये मुद्दे
किला रोड पर 14 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो कूड़ा निस्तारण प्लांट की डीपीआर का परीक्षण आईआईटी या एनआईटी से कराने का निर्णय लिया गया। डीपीआर के अनुसार, किला रोड पर 2.5 लाख मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण लगभग दस माह में किया जाना है। बोर्ड बैठक में डीपीआर के परीक्षण के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। छावनी क्षेत्र के सभी लोगों से सीवर टैक्स लेने की बात उठी। एसबीआई बैंक कैंट शाखा द्वारा खुद अपना अतिक्रमण तोड़ने को मंजूरी दे दी गई। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व सफाई का लगभग सात करोड़ रुपये का ठेके का फिर से टेंडर करने को मंजूरी दी गई।
