Friday, February 27

अविमुक्तेश्वरानंद कानून हाथ में लेंगे तो कार्रवाई होगी ही : ओमप्रकाश राजभर

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 27 फरवरी (जा)। प्रदेश के पंचायतीराज और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेगा तो कानून अपना काम करेगा। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का काम धर्म का प्रचार करना है न कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विरुद्ध बयानबाजी करना। फिलहाल उन पर आरोप लगाकर शिकायत हुई है। पुलिस जांच में जुटी है। सपा और कांग्रेस इनके पक्ष में बयान दे रहे हैं, जबकि वर्ष 1990 में सपा सरकार के कार्यकाल में इन्हीं स्वामी के साथ दुर्व्यवहार किया गया था। कहा कि कांग्रेसियों ने अर्धनग्न होकर एआइ समिट में प्रदर्शन करके देश को बदनाम किया। इस समिट में पूरे विश्व के देशों के लोग थे।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गत दिवस सर्किट हाउस में मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर जनपदों के जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पंचायत और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा प्रदेश में माहौल खराब करने में जुटे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में मस्जिद के बाहर नमाज पढ्ने का विवाद भी इन्हीं की साजिश है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश के बाहर जाते हैं तो अपने ही देश को कठघरे में खड़ा करते हैं। भाजपा गठबंधन सरकार ने शहरों की मेट्रो ट्रेन, एक्सप्रेस-वे की जरूरत को पूरा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यकों के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उसी का नतीजा है कि प्रदेश में पहली बार एक साल में 51 मुस्लिम बच्चों ने आइएएस परीक्षा पास की है।
समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि सभी विभागों में वार्षिक बजट लगभग 95 प्रतिशत इस्तेमाल कर लिया गया है। शेष को 31 मार्च से पहले उपभोग करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग प्रत्येक जनपद में सद्भाव मंडप बनाएगा। मेरठ में इसके लिए सिवाया गांव में जमीन मिल गई है। पंचायती राज विभाग गांवों में गरीबों के लिए उत्सव भवन बनाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply