मेरठ 03 फरवरी (प्र)। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के सोमवार को जारी सीए फाइनल के परिणाम में मेरठ को 21 सीए मिल गए। होली पर आए रिजल्ट ने मेरठ के मेधावियों की सफलता में खुशियों के रंग भर दिए।
मेरठ से दो ग्रुप में 208 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, लेकिन 49 मेधावियों को सफलता मिली। 54 छात्र-छात्राओं ने संयुक्त ग्रुप की परीक्षा दी और इसमें से 21 सफल होकर सीए बन गए। मेरठ से स्पर्श सिंघल ने एकसाथ दोनों ग्रुप में सफलता पाकर जिले में पहली रैंक हासिल की है। स्पर्श इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वित्तीय विषयों पर केंद्रित वीडियो बनाते हैं।
पहले ही प्रयास में सीए, टीचिंग का लक्ष्य : स्पर्श
पहले ही प्रयास में दोनों ग्रुप में सफल होकर सीए बनकर मेरठ को टॉप करने वाले स्पर्श सिंघल का लक्ष्य टीचिंग का है। नेहरू नगर निवासी स्पर्श वर्तमान में भी यूट्यूब और इंस्टा पर वित्तीय मुद्दों पर कंटेंट वीडियो बनाते हैं। केएल इंटरनेशनल से इंटर उत्तीर्ण स्पर्श सिंघल ने पीएमपीसी एमपीसी फाउंडेशन में सीए की यात्रा शुरू की और 400 में से 302 अंकों से मेरठ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्पर्श ने सीए इंटर की तैयारी ऑनलाइन की। नवंबर 2022 में स्पर्श ने दोनों समूहों को 557 अंकों के साथ पहले प्रयास में मेरठ में दूसरा स्थान हासिल किया। पिता अनुज सिंघल बिजनेसमैन हैं जबकि माता रिचा सिंघल गृहिणी हैं। केएल इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधक वर्ग और प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने स्पर्श को बधाई दी है। बताया स्पर्श सिंघल केएल इंटरनेशनल का छात्र रहा है।
स्पर्श, शताक्षी, पार्थ, छवि जिले के टॉप-3 में
मेरठ ब्रांच के सह अध्यक्ष सीए शशांक गुप्ता एवं सचिव सीए विशु शर्मा के अनुसार सीए फाइनल में मेरठ जिले से ग्रुप एक में 108 में से 28 उत्तीर्ण हुए। ग्रुप दो में 46 परीक्षाथिर्यों में कोई सफल नहीं हुआ, जबकि संयुक्त ग्रुप में 54 में 21 उत्तीर्ण हुए। मेरठ में ग्रुप एक का परिणाम 25.9, ग्रुप दो का शून्य फीसदी और संयुक्त ग्रुप का 38.9 फीसदी रहा। मेरठ से 208 छात्र-छात्राओं ने फाइनल के पेपर दिए और 49 सफल रहे। सिकासा अध्यक्ष सीए आशीष अनेजा, कार्यकारी सदस्य सीए ज्ञाति गुप्ता एवं सीए अजय गुप्ता के अनुसार मेरठ जिले मे स्पर्श सिंघल ने छह सौ में से सर्वाधिक 369 अंक प्राप्त कर प्रथम रैंक हासिल की है।
यह भी चमके
शताक्षी 338 अंकों से द्वितीय, पार्थ बत्रा-छवि 315 अंकों से तृतीय रहे। रितिका शर्मा, भव्या कंसल, मयंक कुमार, तान्या कोचर, साक्षी जैन, अरुणिमा गुप्ता, अनिकेत अग्रवाल, अक्षित माहेश्वरी, स्नेहा जैन, विकास शर्मा सीए बने।
