Monday, March 2

मायावती को पांचवी बार सीएम बनाने का संकल्प

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 02 मार्च (भा)। मेरठ के किठौर स्थित आरके रिसॉर्ट में गत दिवस बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तीन मंडलीय स्तरीय कार्यकर्ता कैडर कैंप समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें मेरठ, मुरादाबाद और बरेली मंडलों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के मुख्य अतिथि पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी, पूर्व सांसद और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली थे, जबकि पूर्व सांसद गिरीश चंद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी विजय सिंह ने की और संचालन पूर्व मंडल प्रभारी शाहजहां सैफी एडवोकेट ने किया। इस दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा जनाधार बढ़ाने का संकल्प लिया।
मेरठ, मुरादाबाद और बरेली मंडलों की जिम्मेदारी संभाल रहे बसपा महासचिव मुनकाद अली ने बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव चाहती है। मुनकाद अली ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक सौहार्द जैसे मुद्दों पर जनता में असंतोष है।
उन्होंने दलित-मुस्लिम एकजुटता को भाजपा के खिलाफ एक प्रभावी विकल्प बताया। मुनकाद अली ने दावा किया कि अब समाज के विभिन्न वर्गों का रुझान बसपा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो मायावती को कानून के राज की पक्षधर बताते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों को बूथ स्तर तक पहुंचाएं।
मुनकाद अली ने आगामी 15 मार्च को कांशीराम का जन्मदिन प्रेरणास्थल नोएडा पर सभी कार्यकर्ताओं से इकट्ठा होकर मनाने की अपील की। उन्होंने संगठनात्मक ढांचे को सशक्त करने पर जोर दिया, ताकि 2027 में मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा सके।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सांसद गिरीशचंद्र जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि बसपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का मिशन है। उन्होंने बताया कि यह मिशन सामाजिक न्याय, समान अधिकार और समतामूलक समाज की विचारधारा पर आधारित है। गिरीशचंद्र जाटव ने कार्यकर्ताओं से 2027 में पूर्ण बहुमत सुनिश्चित करने और 2029 में राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Share.

About Author

Leave A Reply