Tuesday, March 3

ससुरालियों ने अगवा कर युवक के साथ की हैवानियत, बंधक बना गुप्तांग में डाला पेट्रोल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 03 फरवरी (प्र)। दंपती के मामूली विवाद में क्रूरता भी कांप गईं। ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक को अगवा कर दो दिनों तक बंधक बनाया। उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। विरोध करने पर गुप्तांग में पेट्रोल डाल दिया।

दो दिनों तक पीड़ा झेलने के बाद आरोपितों के चंगुल से छूटकर युवक अपनी बहन के घर तारापुरी में पहुंचा। उसके बाद उसे लिसाड़ीगेट थाने लेकर आए, जहां से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
लिसाड़ीगेट के रिहान गार्डन निवासी जमशेद का निकाह 14 साल पहले समर गार्डन की रहने वाली अफसाना से हुआ था। दोनों के तीन बच्चें हैं। घर के खर्च को लेकर दंपती में अक्सर विवाद रहता था। 26 फरवरी को जमशेद मजदूरी करने के लिए श्यामनगर गया था।

आरोप है कि रास्ते से ही अफसाना के परिवार ने उसे अगवा कर लिया। ससुराल में ले जाकर जमशेद को रस्सी से बांध कर पिटाई की। शोर मचाने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। उसके बाद गुप्तांग में पेट्रोल डाल दिया। दो दिनों तक उत्पीड़न झेलने के बाद 28 फरवरी को जमशेद सहरी के समय आरोपितों के कब्जे से छूटकर तारापुरी में अपनी बहन के घर आ गया।

घायल अवस्था में जमशेद को उसकी बहन लिसाड़ीगेट थाने लेकर पहुंची। पुलिस ने घायल अवस्था में जमशेद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही जमशेद की तरफ से उसके साले शादाब, आबाद, शहजाद, आजाद, ससुर नूर मोहम्मद और सास जुबैदा के खिलाफ लिसाड़ीगेट थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जमशेद ने कपड़े उतारकर पुलिस को हकीकत दिखाई। उसके पूरे शरीर पर चोटों के निशान बने हुए है। गुप्तांग पर भी पेट्रोल डालने और कमर से लेकर पैरों तक पिटाई के निशान बने हुए है। जमशेद का कहना है कि आरोपितों ने उसकी हत्या करने का प्रयास किया है। अगर 28 फरवरी की रात के समय नहीं भागता तो आरोपित हत्या कर सकते थे।

Share.

About Author

Leave A Reply