मेरठ 06 मार्च (प्र)। शासन के आदेश पर बनाये गये प्रशासक ने जब अपना चाबुक चलाना शुरू किया तो पर्दे के पीछे से की जा रही गबन की साजिशें आखिरकार बेनकाब हो ही गयी हैं। प्रशासक ने सख्त कदम उठाते हुए तीन ऐसे मठाधीश कर्मचारियों को मनसविया से हटा दिया है। जो मनसबिया को नुकसान पहुंचा रहे थे। प्रशासक ने इन तीनों मठाधीशों को हटाते हुए स्पष्ट किया है कि अब मनसबिया में साफ सुथरा प्रशासन रखा जायेगा तथा मनसबिया की जायदाद को खुर्द-बुर्द नहीं होने दिया जायेगा।
शिया वक्फ बोर्ड की मेरठ में करोड़ों रुपये की जायदाद को उन्हीं लोगों ने खुर्द-बुर्द कर दिया। जिनके ऊपर इसकी जायदाद की हिफाजत की जिम्मेदारी सौंपी गयी। उत्तर प्रदेश की बड़ी शिवा जायदादादों को इसके ही जिम्मेदारों ने चोरी छिपे और खुलेआम बेच दिया। यहां तक कि मनसबिया में बच्चों के खेल के मैदान तथा कब्रिस्तान तक में अवैध रूप से पार्किंग खोल दी गयी। इसी तरह यहां पर चोरी छिपे इंग्लिश माध्यम का स्कूल भी खोलकर कौम के लोगों से बड़े पैमाने पर ठगी के कारनामे को अंजाम देने की साजिश भी रची गयी। लेकिन समाज सेवियों के जागरूक होने से यह मंशा सफल नहीं हो सकी, लेकिन पार्किंग अभी भी मनसविया में खुल गयी है। अब मुतवल्ली का पद वहां पर लगभग एक साल से खाली चल रहा है। इसलिए शासन के आदेश पर यहां पर प्रशासक की नियुक्ति की गयी है। ताकि मनसबिया की बाकी रह गयी जायदाद को खुर्द-बुर्द होने से बचाया जा सका।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि शासन के आदेश पर जब प्रशासक ने कार्यभार संभालकर देखा तो पता चला कि यहां से हटाये गये मुतवल्ली ने अपने खेमे के कई ऐसे लोगों की अवैध रूप से मनसबिया में तैनाती कर रखी है जो चोरी छिपे यहां की जायदाद को खुर्द-बुर्द कराने में पूरी तरह से सहयोग करते हैं। जब प्रशासक जफर सज्जाद को इस बात का इल्म हुआ कि वह साजिशकर्ता कौन हैं तो इन तीनों मठाधीशों का मनसबिया से बिस्तर बांधकर इनको चलता करने का फरमान सुना दिया है। प्रशासक जफर सज्जाद ने संविदा सहयोगी शानू को हटाते हुए कहा है कि वक्फ मनसबिया पंजीयन संख्या-1-584 जनपद मेरठ उप वक्फ अधिनियम 1995 ( यथा संशोधित 2025 ) की धाराओं के अन्तर्गत निहित अधिकारों का प्रयोग करते हुए आपको वक्फ मनसविया की आर्थिक स्थिति सुदृढ न होने के कारण तथा वक्फ मनसबिया के खर्चों को नियन्त्रित करने के उद्देश्य से एवं पूर्व से वक्फ में कौसर सहयोगी कार्यरत होने के कारण आपकी मानदेय सुविधा (सेवा) समाप्त की जाती है। आपके पास जो भी वक्फ मनसबिया का सामान हो उसे कौसर सहयोगी, वक्फ मनसबिया को हस्तगत कर दें। इसके साथ ही केयर टेकर मुख्तार नकवी उर्फ बार्डर को भी तत्काल प्रभाव से मानदेय संविदा (सेवा) की गयी है।
इसमें आदेश जारी किया गया है कि वह अपना समस्त चार्ज जैसे कैशबुक, बैंक खाता रिकार्ड, रसीदबुक, किरायानामा पत्रावली किरायेदारों की व वक्फ से सम्बन्धित रिकार्ड मुकदमा पत्रावली, वार्षिक लेजर, वार्षिक संतुलन पत्र तथा उम्मीद पोर्टल पर वक्फ से समबन्धित पत्रावली आदि वक्फ मनसविया प्रबंधक मौहम्मद बाकिर जैदी को तत्काल हस्तगत कर दें, जिससे वक्त के कार्य में कोई अवरोधन हो विपरीत परिस्थितियों के लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे। इसके साथ ही मैस प्रबंधक शहनशाह को हटाते हुए कहा है कि मैस में खाना खाने वाले बच्चों की संख्या 20 छात्रों के लगभग होने के कारण वक्फ धन की खचों में कटौती के दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव वे मानदेय सुविधा (सेवा) समाप्त की जाती है। शहनशाह को प्रशासक ने आदेशित किया है कि वह अपना समस्त चार्ज वरिष्ठ छात्र अव्वार जाफरी को हस्तगत कर दें जिससे मैस के कार्यों में कोई अवरोध न हो। प्रशासक ने इस आदेश के बारे में वक्फ मनसविया प्रबंधक मौहम्मद बाकिर जैदी व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मौहम्मद रुहेल आजम को बताते हुए कहा है कि वह मनसविया प्रशासन को साफ सुथरा बनाने मे अपना पूर्ण सहयोग दें।
