मेरठ 09 मार्च (प्र)। मेरठ जिले के पल्लवपुरम फेस दो स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के एक कमरे में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, आशंका जताई जा रही है कि एक प्लांट ऑपरेटर ने अपनी पत्नी की हत्या के बाद खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच भी इसी ओर इशारा कर रही है।
शनिवार को हरदोई निवासी प्लांट ऑपरेटर प्रदीप (35) का शव फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी मधु यादव (30) कमरे में ही बेड पर मृत मिली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रदीप ने मधु की हत्या कर फंदा लगाकर खुदकुशी की है।
सूचना मिलते ही पल्लवपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। दोनों टीमों ने पूछताछ की और उसके बाद दोनों शवों को पंचनामा भरकर मोर्चरी भिजवा दिया।
पुलिस की माने तो पति-पत्नी के बीच मनमुटाव की जानकारी मिली है। संभवत: दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। प्रदीप ने पहले मधु का गला घोटकर हत्या की और उसके बाद खुद फंदे पर झूल गया।
प्रदीप और मधु कुछ समय पहले तक पल्लवपुरम फेस 2 में बने ट्रीटमेंट प्लांट के पास किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। पास में ही मधु का एक भाई भी रहता था, जिनके यहां प्रदीप व मधु के बेटे यश का काफी आना-जाना था।
बताया जाता है कि जब यह वारदात हुई, यश घर पर नहीं था। वह अपने मामा के यहां खेलने गया हुआ था। हालांकि यह भी बात सामने आ रही है कि मधु का अपने भाई के यहां आना-जाना बहुत ही कम था।
पुलिस के मुताबिक, दंपती में पिछले कुछ महीने से विवाद चल रहा था। प्लांट के आसपास की सीसीटीवी फुटेज में शनिवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे मधु फोनपर बात करती हुई कमरे की ओर जाती दिख रही है। उनके पीछे प्रदीप भी कमरे में चला गया। इसके बाद वापस नहीं लौटे।
शाम करीब साढ़े चार बजे दूसरा ऑपरेटर रामकर्ण कमरे में जाता नजर आ रहा है। प्रदीप ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फंदा लगाकर जान दी है। दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोनों की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
