Tuesday, March 10

मेरठ में मौसम का यू-टर्न, बढ़ती गर्मी के बीच पड़ गया कोहरा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 10 मार्च (प्र)। मेरठ में मौसम के मिजाज ने मंगलवार को अचानक ऐसी करवट बदली कि लोग दंग रह गए। मार्च के दूसरे हफ्ते में मौसम का मिजाज अचानक बदला हुआ नजर आ रहा है। सामान्य रूप से जहां पिछले एक हफ्ते से तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था। मंगलावर की सुबह अचानक सुबह के समय हल्का कोहरा दिखाई दिया। मौसम के इस बदले रूप ने लोगों को हैरान कर दिया, क्योंकि आमतौर इस तापमान पर कोहरा देखने को नहीं मिलता।

वहीं मार्च के महीने में ही इस बार गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि कुछ राज्यों में तो मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर दिया है और अन्य राज्यों में भी लोगों को अभी से पंखे, कूलर और एसी के सहारे की जरूरत पड़ने लगी है। इस बीच आज सुबह से ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय खेतों और सड़कों के आसपास हल्की धुंध छाई रही, जिससे दृश्यता कुछ समय के लिए कम हो गई। इसक साथ ही शहरी क्षेत्र में भी कोहरे के चलते लोगों को परेशानी हुई।हालांकि जैसे-जैसे सूरज चढ़ा, कोहरा धीरे-धीरे खत्म हो गया और मौसम सामान्य हो गया। वहीं दूसरी ओर मेरठ शहर में मौसम सामान्य बना रहा। शहर के अधिकांश हिस्सों में धूप निकली और कोहरे जैसी स्थिति देखने को नहीं मिली।

वायु गुणवत्ता की बात करें तो शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 170 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में माना जाता है। यह स्तर पिछले दिनों की तुलना में अपेक्षाकृत नियंत्रित स्थिति को दर्शाता है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिन और रात के तापमान में अंतर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नमी अधिक होने के कारण सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा बन सकता है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने और तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।

जनपद का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री अधिक चल रहा था, वह सोमवार को सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक आंका गया। यह 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 15 मार्च तक तापमान 38 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मार्च में ही अप्रैल मई की गर्मी सहन करनी पड़ेगी।

कृषि प्रणाली संस्थान के वरिष्ठ मौसम कृषि विज्ञानी डा. एम शमीम ने बताया कि इस समय तापमान बढ़ने से गेहूं के दानों का वजन और आकार दोनो कम होगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि 15 तक बरसात की संभावना नहीं है। ऐसे में में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Share.

About Author

Leave A Reply