Saturday, March 14

लावड़ में सड़क हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 14 मार्च (प्र)। कस्बे के समसपुर लावड़ मार्ग पर गन्ना सेंटर के निकट एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।

कस्बा लावड़ के मोहल्ला खारी कुंआ निवासी 25 वर्षीय गौरव जाटव ममेरे भाई महलका निवासी कुलदीप के साथ बाइक पर सवार होकर महलका से लावड़ की तरफ आ रहा था। इसी दौरान लावड़ की तरफ से जा रही एक तेज रफ्तार कार ने समसपुर मार्ग पर स्थित गन्ना सेंटर के निकट बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से लावड़ निवासी गौरव जाटव की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि कुलदीप को मेरठ स्थित कई प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराने का प्रयास किया गया, मगर गम्भीर हालत के चलते भर्ती नहीं किया जा सका। बाद में उसे मेडिकल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक सर्वेश कुमार पुत्र भीकम सिंह निवासी ग्राम भड़ल थाना दोघट को हिरासत में ले लिया।

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन आक्रोशित हो उठे। परिजनों ने सड़क पर पड़े शव के पास बैठकर ही सड़क जाम कर दी। परिजन आरोपी कार चालक पर कठोर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सूचना पर एएसपी बजरंग प्रसाद, सीओ सदर देहात सुधीर कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया, मगर परिजन नहीं माने। वहीं सूचना पर आसपा नेता अखिलेश गुर्जर भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को सांत्वना दी।

वहीं मामले की जानकारी पर सरधना विधायक अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा उच्च अधिकारियों को फोन के माध्यम से घटना से अवगत कराया। लगभग साढ़े तीन घन्टे बाद परिजनों ने जाम खोला जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं, इस संबंध में लावड़ चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह का कहना है कि डायल 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल
गौरव जाटव के परिवार में पिता राजेन्द्र, मां व तीन बहनें व एक भाई है। पड़ोसियों के मुताबिक गौरव की दो बहनों की शादी हो चुकी है। तीसरे नम्बर का गौरव था। उससे छोटा एक भाई व एक बहन है। घटना की सूचना से परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। मां व छोटी बहन भी मौके पर ही कई बार अचेत हुई रिश्तेदारों को उन्हें संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

Share.

About Author

Leave A Reply